Home छत्तीसगढ़ हरियाणा भवन में देर रात तेज डीजे बजने से मोहल्लेवासियों में रोष,...

हरियाणा भवन में देर रात तेज डीजे बजने से मोहल्लेवासियों में रोष, पुलिस से कार्रवाई की मांग

0

मनेंद्रगढ़: शहर के हरियाणा भवन में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के दौरान देर रात तक तेज आवाज में डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र बजाए जाने से आसपास के रहवासियों में भारी नाराजगी है। मोहल्लेवासियों ने इस संबंध में सिटी कोतवाली मनेंद्रगढ़ में लिखित शिकायत देकर नियमों के अनुसार कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में बताया गया है कि हरियाणा भवन में विवाह एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान देर रात तक अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजाया जाता है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों की नींद और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। रहवासियों का कहना है कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों तथा अन्य लोगों के स्वास्थ्य पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इस समस्या की जानकारी भवन प्रबंधन और कार्यक्रम आयोजकों को कई बार दी गई, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि 26 जून 2026 की रात एक कार्यक्रम के दौरान देर रात लगभग 1 बजे तक तेज आवाज में डीजे बजता रहा। विरोध करने पर एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा शिकायतकर्ता और उनके पुत्र के साथ कथित रूप से मारपीट का प्रयास किया गया, जिससे उन्हें अपनी सुरक्षा के लिए वहां से हटना पड़ा। शिकायतकर्ताओं ने घटना के समर्थन में सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने का भी दावा किया है।

मोहल्लेवासियों ने पुलिस से मांग की है कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए, नियमित निगरानी की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। शिकायत की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक, हरियाणा नागरिक संघ तथा छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स को भी भेजी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here