सेवा संकल्प अभियान के तहत नदी-घाट स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्ति का दिया संदेश, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने की सहभागिता
एमसीबी : जनसेवा से राष्ट्रसेवा और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मनेन्द्रगढ़ के आमाखेरवा छठ घाट पर वन विभाग एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नदी-घाट स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्ति जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। वन विभाग के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस जवानों, वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा जनप्रतिनिधियों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान के माध्यम से नदी-घाटों को स्वच्छ रखने, प्लास्टिक प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया गया।कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह, नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ की अध्यक्ष प्रतिमा यादव, डीएफओ दुलेश्वर साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा, अपर कलेक्टर लिंगराज सिदार, एसडीएम शशि शेखर मिश्रा, पार्षद स्वप्निल सिन्हा, अंकित शर्मा एवं जलील शाह सहित वन विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। वन विभाग की ओर से रेंजर विश्वनाथ सहित अन्य कर्मचारियों ने भी सहभागिता निभाई।
पुलिस की विभिन्न इकाइयों के लगभग 60 अधिकारी-कर्मचारियों ने किया श्रमदान
स्वच्छता अभियान में पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस लाइन मनेन्द्रगढ़, थाना मनेन्द्रगढ़, थाना झगराखंड, चौकी खोंगापानी, साइबर सेल और कंट्रोल रूम के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। इसके साथ ही 18वीं वाहिनी चैनपुर के सशस्त्र बल के जवानों ने भी श्रमदान किया। लगभग 60 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं जवानों की सहभागिता से अभियान को व्यापक स्वरूप मिला। थाना प्रभारी झगराखंड राकेश कुमार साहू, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह श्याम, जिला विशेष शाखा प्रभारी राम सिंह टेकाम और सूबेदार कामेश कुमार सहित अन्य जवानों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
स्वच्छ घाट, सुरक्षित पर्यावरण का दिया संदेश
अभियान के माध्यम से संदेश दिया गया कि नदी-घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। प्लास्टिक का कम उपयोग, कचरे का उचित निपटान और नियमित साफ-सफाई जैसे छोटे प्रयास पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। वन विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त पहल ने प्रशासनिक समन्वय और सामूहिक श्रमदान के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्ति और जनभागीदारी का संदेश देते हुए नागरिकों से आमाखेरवा छठ घाट सहित सभी सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।




