Home देश सुप्रीम कोर्ट पहुंचा राजा रघुवंशी हत्याकांड का मामला, सोनम की जमानत के...

सुप्रीम कोर्ट पहुंचा राजा रघुवंशी हत्याकांड का मामला, सोनम की जमानत के खिलाफ मेघालय सरकार ने की अपील, जानें कब होगी सुनवाई

0

राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपी सोनम रघुवंशी को मेघालय हाई कोर्ट से मिली जमानत के खिलाफ मेघालय सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। गुरुवार को सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने मामले को मेंशन करते हुए कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और याचिका पर जल्द सुनवाई की जाए। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट इस मामले में सुनवाई के लिए तैयार हो गया है। कोर्ट इस मामले में कल शुक्रवार को ही सुनवाई करेगा।

मेघालय सरकार ने क्या दलील दी?

मेघालय सरकार की तरफ से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट से कहा कि एक महिला अपने पति को मेघालय ले गई थी, जहां उसने तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी और शव को फेंक दिया। इस मामले में दो बार उसकी जमानत यह कहते हुए खारिज की गई थी कि उसके फरार होने की आशंका है। लेकिन अब उसे इस आधार पर जमानत दे दी गई है कि गिरफ्तारी के समय उसे गिरफ्तारी के आधार (Grounds of Arrest) पूरी तरह उपलब्ध नहीं कराए गए थे। जबकि कमी केवल एक धारा में टाइपिंग की गलती की थी। कृपया इस पर जल्द सुनवाई हो।

सोनम के फरार होने की आशंका जताई गई

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट के सामने सोनम रघुवंशी के फरार होने की आशंका भी जताई और मांग रखी कि ऐसे में कल (शुक्रवार) ही इस मामले की सुनवाई हो। एसजी तुषार मेहता की इस मांग को सुप्रीम कोर्ट ने मान लिया और मामले की सुनवाई शुक्रवार को करने पर सहमति जता दी है।

यहां समझें पूरा केस

इंदौर के बिजनेसमैन राजा रघुवंशी की बीते साल मई महीने में सोनम से शादी हुई थी। दोनों हनीमून के लिए मेघालय के शिलांग गए थे। हालांकि, इस दौरान राजा के लापता होने की खबर सामने आई और कुछ दिन बाद उसका शव प्रसिद्ध वेई सावडोंग झरने के पास एक गहरी खाई से बरामद किया गया था। राजा को खोजने के लिए प्रशासन और स्थानीय लोगों द्वारा बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया था। मामले की जांच में खुलासा हुआ था कि राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम का राज कुशवाहा नाम के युवक के साथ संबंध था। दोनों ने साथ मिलकर हनीमून के बहाने राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रची थी। इस मामले में पुलिस ने सोनम रघुवंशी समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here