
देवभोग -: देवभोग क्षेत्र के मुड़ागांव के पास ग्रामीणों ने पक्की सड़क की मांग को लेकर नेशनल हाईवे 130-सी पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से पूरी नहीं होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष शामिल हुए। ग्रामीण सड़क पर बैठकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। जाम के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन द्वारा सड़क पर बैठे ग्रामीणों को हटाने का प्रयास किया गया। इस दौरान पुलिस ग्रामीणों को जबरिया उठाकर सड़क खाली कराने में जुटी रही।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पक्की सड़क नहीं होने से लोगों को बारिश के दिनों में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार मांग करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।



