राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ पुलिस अधिकारियों और स्कूली बच्चों ने मिलकर किया वृक्षारोपण
पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देने के लिए गरियाबंद पुलिस की पहल
राधेश्याम सोनवानी, गरियाबंद :- आज देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की 150वीं जयंती के गौरवशाली अवसर पर गरियाबंद पुलिस द्वारा एक विशेष ‘‘ एकता वृक्षारोपण अभियान’’ का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के के दिशा-निर्देशन में जिले के विभिन्न थानों की टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले स्कूलों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के साथ मिलकर पौधे लगाए।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सरदार वल्लभ भाई पटेल के राष्ट्रीय अखंडता और एकता के संदेश को याद करना तथा नई पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस तरह सरदार पटेल ने पूरे देश को एकता के सूत्र में पिरोया था, उसी तरह हमें भी एकजुट होकर अपनी धरती और प्रकृति की रक्षा करनी होगी।
अभियान के तहत पुलिस बल ने स्थानीय शासकीय और निजी विद्यालयों का रुख किया। पुलिस कर्मियों ने स्कूल परिसरों में छायादार, फलदार पौधे रोपे। इस दौरान बच्चों को इन पौधों की देखरेख और सुरक्षा करने का संकल्प भी दिलाया गया ताकि ये पौधे बड़े होकर पर्यावरण को समृद्ध बना सकें।इस आयोजन के माध्यम से गरियाबंद पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग की दिशा में एक और मजबूत कदम बढ़ाया है। पुलिस और स्कूली बच्चों के बीच इस समन्वय से बच्चों में खाकी के प्रति विश्वास बढ़ा और उन्होंने उत्साहपूर्वक इस अभियान में हिस्सा लिया।



