गर्मी का मौसम हो या सेहत बनाने की बात, नारियल पानी को हमेशा सबसे ऊपर रखा जाता है। विटामिन्स, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर नारियल पानी शरीर को तुरंत हाइड्रेट करता है। इसे सेहत का ‘अमृत’ माना जाता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यही अमृत कुछ लोगों के लिए ‘जहर’ के समान नुकसानदेह साबित हो सकता है? आइए जानते हैं।
किडनी के मरीज:- नारियल पानी में पोटैशियम की मात्रा बहुत अधिक होती है। स्वस्थ किडनी अतिरिक्त पोटैशियम को शरीर से बाहर निकाल देती है, लेकिन कमजोर या बीमार किडनी ऐसा नहीं कर पाती। शरीर में पोटैशियम का स्तर बढ़ने से दिल का दौरा पड़ने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए किडनी के मरीजों को डॉक्टर की सलाह के बिना इसे बिल्कुल नहीं पीना चाहिए।
हाई ब्लड प्रेशर की दवा खाने वाले लोग:- नारियल पानी ब्लड प्रेशर को कम करने में मददगार होता है, जो कि एक अच्छी बात है। लेकिन अगर आप पहले से ही हाई ब्लड प्रेशर की दवाइयां खा रहे हैं, तो नारियल पानी का अत्यधिक सेवन आपके ब्लड प्रेशर को अचानक बहुत कम कर सकता है। इससे चक्कर आना और कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
डायबिटीज के मरीज:- अक्सर लोग सोचते हैं कि नारियल पानी नेचुरल है, तो यह शुगर नहीं बढ़ाएगा। लेकिन इसमें कैलोरी और कार्बोहाइड्रेट होते हैं। अगर आपका ब्लड शुगर लेवल हमेशा फ्लक्चुएट या बहुत हाई रहता है, तो रोज नारियल पानी पीने से बचें। यह आपके शुगर लेवल को अचानक स्पाइक कर सकता है।
पेट खराब या ब्लोटिंग की समस्या:- जिन लोगों का पाचन कमजोर होता है या जिन्हें अक्सर पेट फूलने और गैस की समस्या रहती है, उन्हें खाली पेट नारियल पानी नहीं पीना चाहिए। इसकी ठंडी तासीर और अधिक मात्रा में मौजूद मिनरल्स पेट में भारीपन बढ़ा सकते हैं।



