महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. पुणे, नासिक, रायगढ़, सांगली, अहमदनगर (अहिल्यानगर) और जलगांव में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. नदियां उफान पर हैं. बांधों से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है. सड़कों पर जलभराव के कारण यातायात प्रभावित है. दूसरी ओर मुंबई में भी मौसम विभाग ने येलो अलर्ट को बढ़ाकर ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है.
रायगढ़ जिले में नेरल-कलंब मार्ग का दैविली पुल दोबारा पानी में डूब गया है. इससे 25 से 30 गांवों का संपर्क टूट गया है. जलगांव जिले के मुक्ताईनगर में रुक-रुक कर हो रही बारिश से किसानों को राहत मिली है और खरीफ बुवाई में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है. वहीं, अहिल्यानगर जिले के श्रीगोंदा क्षेत्र में भीमा नदी में आई बाढ़ के कारण आरवी बेट गांव का संपर्क टूट गया है. करीब 200 ग्रामीण प्रभावित हुए हैं और प्रशासन नावों के जरिए जरूरी सामान और सहायता पहुंचा रहा है. जिले में येलो अलर्ट जारी है तथा भंडारदरा, मुला और निलवंडे बांधों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है.
पुणे में बांध भरा, नदी किनारे अलर्ट:- पुणे के घाट क्षेत्रों में लगातार बारिश के बाद खड़कवासला बांध पूरी क्षमता के साथ भर गया है. बांध से करीब 27,203 क्यूसेक पानी मुठा नदी में छोड़ा जा रहा है. इसके चलते नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और नदी से दूर रहने की सलाह दी गई है. एकता नगर में मुठा नदी का पानी घरों और सोसायटी की पार्किंग तक पहुंच गया, जिससे कई वाहन जलमग्न हो गए.
मुंबई में ऑरेंज अलर्ट, अंधेरी सबवे बंद:- मुंबई में लगातार बारिश को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग ने येलो अलर्ट को बढ़ाकर ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है. शहर में भारी बारिश की संभावना है. अंधेरी सबवे में जलभराव होने के कारण उसे यातायात के लिए बंद कर दिया गया है. आज शाम 5:14 बजे हाई टाइड आने की संभावना है. इस दौरान समुद्र में करीब 3.8 मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं. प्रशासन ने लोगों से समुद्र तट और निचले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है.
लोकल ट्रेनें लेट, कई एक्सप्रेस सेवाएं प्रभावित:- बारिश का असर मुंबई की रेल सेवाओं पर भी पड़ा है. चर्चगेट-वसई रोड-दहानू रोड सेक्शन पर लोकल ट्रेनें 25 से 30 मिनट की देरी से चल रही हैं. खासकर वसई-नालासोपारा-विरार सेक्शन में ट्रेनों की रफ्तार धीमी है. मंगलवार को जलभराव के कारण 200 से अधिक लोकल ट्रेनें रद्द करनी पड़ी थीं.



