Home छत्तीसगढ़ गरियाबंद पुलिस द्वारा 51 लाख रूपये के अवैध गांजा के साथ मध्य...

गरियाबंद पुलिस द्वारा 51 लाख रूपये के अवैध गांजा के साथ मध्य प्रदेश के दो तस्करों को धरदबोचा

0

गरियाबंद :  नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। मैनपुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 102.750 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ मध्य प्रदेश के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा, एक डस्टर कार और दो मोबाइल समेत करीब 54.99 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर जिलेभर में अवैध गांजा और शराब तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 7 जुलाई को थाना मैनपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की डस्टर कार में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर देवभोग मार्ग से मैनपुर की ओर आ रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने झरियाबहरा तिराहा के पास बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध डस्टर कार दिखाई दी। पुलिस के रुकने का इशारा करने पर चालक ने वाहन तेज गति से भगाने की कोशिश की, लेकिन बैरिकेडिंग लगाकर उसे रोक लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान आर्यन मालवीय (20 वर्ष) और अभिषेक महेस्कर (23 वर्ष) निवासी ईछावर, जिला सीहोर (मध्य प्रदेश) के रूप में बताई। तलाशी लेने पर वाहन से 102.750 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 51.37 लाख रुपये है, बरामद हुआ। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त डस्टर कार (कीमत लगभग 3.50 लाख रुपये) और दो मोबाइल फोन (कीमत 11,500 रुपये) भी जब्त किए गए।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। मामले में अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here