राधेश्याम सोनवानी, गरियाबंद :- जिले के शासकीय रामबिशाल पाण्डेय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) राजिम में एक पेड़ माँ के नाम 3.0 अभियान के तहत वृहद स्तर पर वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जा रहा। विद्यालय में संचालित मिशन लाइफ यूथ एंड इको क्लब की प्रभारी व्याख्याता समीक्षा गायकवाड़ के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं द्वारा विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में अमरूद, आम, कनेर, इमली, अशोक, बबुल आदि पौधों का रोपण किया जा रहा है। प्रभारी व्याख्याता ने बताया कि अभियान के तहत अब तक 160 से अधिक छायादार और फलदार पौधों का रोपण किया जा चुका है।
विद्यार्थियों द्वारा अपने घरों एवं आसपास भी पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य बी. एल. ध्रुव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता तापमान, भीषण गर्मी एवं जलवायु परिवर्तन संपूर्ण मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। ऐसे समय में वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है।इको क्लब जिला नोडल एवं व्याख्याता सागर शर्मा ने कहा कि वृक्षारोपण तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाए। प्रत्येक व्यक्ति अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का आजीवन संकल्प ले और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप मिले।क्लब प्रभारी समीक्षा गायकवाड़ ने बताया कि मिशन लाइफ यूथ एंड इको क्लब द्वारा प्रत्येक वर्ष विद्यालय में वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जाता है। इस वर्ष भी विद्यार्थियों द्वारा अधिक से अधिक पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रत्येक पौधे की सुरक्षा, नियमित सिंचाई एवं संरक्षण की जिम्मेदारी भी विद्यार्थियों को सौंपी गई है, ताकि भविष्य में ये पौधे विकसित होकर स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
अभियान में इको क्लब की छात्र-छात्राओं मोनिका साहू, भारती साहू, लक्ष्मी वर्मा,मोहिनी साहू, कीर्ति वर्मा, नम्रता साहू, मोनिका देवांगन, याचना साहू, शकुंतला साहू, नीरज सोनकर, लिकेश साहू, आयुष, गुलाब, राहूल सहित अनेक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई तथा विद्यालय परिसर के साथ-साथ अपने घरों के आसपास भी पौधारोपण किया।जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर, डीएमसी शिवेश शुक्ला, एपीसी मनोज केला, एपीसी विल्सन पी. थॉमस, एपीसी योगेश पटेल तथा बीआरसीसी सुभाष शर्मा ने विद्यालय परिवार, मिशन लाइफ यूथ एंड इको क्लब एवं विद्यार्थियों को इस प्रेरणादायी अभियान के सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे नवाचार विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के संस्कार विकसित करते हैं तथा समाज को प्रकृति के प्रति उत्तरदायी बनने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी विद्यालयों से इस प्रकार के जनभागीदारी आधारित अभियान निरंतर संचालित करने का आह्वान किया।



