जांजगीर-चांपा :माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जांजगीर-चांपा के निर्देशन तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जांजगीर के मार्गदर्शन में दिनांक 11 जुलाई (विश्व जनसंख्या दिवस) के अवसर पर पैरालीगल वालंटियर (PLV) श्रीमती लक्ष्मी डनसेना द्वारा शासकीय हाई स्कूल, सिंघितराई में विशेष विधिक जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया।
शिविर में 50 से अधिक विद्यार्थी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विश्व जनसंख्या दिवस के उद्देश्य एवं महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थितजनों को बताया गया कि बढ़ती जनसंख्या का प्रभाव रोजगार, आर्थिक विकास, गरीबी, आय वितरण, सामाजिक सुरक्षा, प्राकृतिक संसाधनों तथा पर्यावरण संरक्षण पर किस प्रकार पड़ता है। साथ ही जनसंख्या वृद्धि को नियंत्रित करने के उपाय, मृत्यु दर एवं जनसंख्या के संबंध, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा पर्यावरण सुरक्षा के महत्व पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

शिविर में समाधान समारोह – विशेष लोक अदालत के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि आपसी समझौते के माध्यम से विवादों का त्वरित एवं सरल निराकरण संभव है। इसके अतिरिक्त संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा वर्ष 1989 से मनाए जा रहे विश्व जनसंख्या दिवस के उद्देश्य एवं जनसंख्या स्थिरीकरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर लिंगानुपात, लैंगिक समानता, बालकों का लैंगिक अपराधों से संरक्षण अधिनियम (POCSO Act), बाल विवाह निषेध, प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR), संज्ञेय एवं असंज्ञेय अपराध, तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही NALSA हेल्पलाइन नंबर 15100 के संबंध में भी उपस्थितजनों को अवगत कराया गया।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को “आज और बेहतर भविष्य के लिए जनसंख्या संतुलन एवं विधिक जागरूकता” का संदेश देते हुए आभार व्यक्त किया गया।



