गरियाबंद : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में यात्री बस को बीच सड़क पर रोककर वन विभाग के अधिकारी द्वारा अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है. अधिकारी ने कार को साइड नहीं मिलने पर बस का रास्ता रोका और चालक से गाली-गलौज की. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मामला इंदागांव थाना क्षेत्र का है.
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे शारदा ट्रेवल्स की बस रायपुर से यात्रियों को लेकर देवभोग की ओर जा रही थी. इसी दौरान गरियाबंद-देवभोग नेशनल हाईवे-130C पर अभ्यारण्य क्षेत्र के कालिमाटी के पास उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के इंदागांव परिक्षेत्र के रेंजर सुशील सागर ने साइड नहीं देने का आरोप लगाते हुए अपनी गाड़ी बस के सामने खड़ी कर दी. इसके बाद उन्होंने बस चालक के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिससे कुछ देर तक सड़क पर तनाव की स्थिति बनी रही.
साइड नहीं देने पर किया विवाद (CG News)
आरोप है कि साइड नहीं देने की बात को लेकर वन अधिकारी बस चालक से गाली-गलौच करते हुए विवाद करने लगे. उनके साथ मौजूद कर्मचारी भी चालक से बहस करते नजर आया. इस दौरान बस करीब आधे घंटे तक सड़क पर खड़ी रही, जिससे यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.
वन अधिकारी के खिलाफ पुलिस में शिकायत
बस चालक यशवंत बंजारे ने बताया कि अभ्यारण्य क्षेत्र में हाईवे सिंगल लेन है और लगातार बारिश के कारण सड़क भी क्षतिग्रस्त है. ऐसे में सुरक्षित स्थान मिलने पर ही वाहनों को साइड दी जाती है. उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए जोखिम नहीं उठाया जा सकता था. चालक ने बताया कि उसने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी और इंदागांव थाने में वन अधिकारी के खिलाफ लिखित शिकायत भी दर्ज कराई. मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने मामला शांत कराने का प्रयास किया.
इंदागांव थाना प्रभारी डोमेंद सिन्हा ने बताया कि चालक की शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है.



