सकरी (कैलाश वस्त्रकार) : सामाजिक सरोकार का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अधिवक्ता राकेश चौबे एवं उनकी शिक्षिका पत्नी अल्का चौबे ने अपनी पुत्री परी चौबे के जन्मदिवस को सेवा और सद्भाव के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने शासकीय प्राथमिक शाला सकरी पहुंचकर छात्र-छात्राओं को कॉपी, पुस्तक एवं पेन वितरित किए और बच्चों के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। दंपति ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और अन्य लोगों को भी विशेष अवसरों पर जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर अधिवक्ता राकेश चौबे ने कहा कि खुशियां बांटने से बढ़ती हैं। यदि हमारे जीवन के विशेष अवसर किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान ला सकें, तो इससे बड़ी खुशी कोई नहीं हो सकती। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने सुखद अवसरों पर सेवा का भाव अवश्य अपनाना चाहिए।



