धमतरी :छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर लगातार शिकंजा कस रही पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सुलभ शौचालय में दबिश देकर 6 जुआरियों को रंगे हाथ पकड़ा, जिनके पास से नगद और मोबाइल जब्त किया गया है। यह पूरा मामला कुरूद थाना क्षेत्र का है।
पढ़िए पूरी खबर
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुरूद के नया बाजार स्थित सुलभ शौचालय के पास कुछ लोग ताश के पत्तों पर हजारों रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दबिश देकर 6 आरोपियों को रंगे हाथ जुआ खेलते हुए गिरफ्तार कर लिया।
कब्जे से नगद मोबाइल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 हजार 300 रुपये नगद, 5 मोबाइल फोन जिनकी कीमत लगभग 11 हजार रुपये बताई गई है और 52 पत्ती ताश जब्त किए। इस कार्रवाई में कुल लगभग 29 हजार 300 रुपये का सामान जब्त किया।
लगातार जारी रहेगा अभियान
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत थाना कुरूद में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।



