Home छत्तीसगढ़ जनदर्शन में एक्शन मोड में दिखे कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, स्कूल, सड़क, पीएम...

जनदर्शन में एक्शन मोड में दिखे कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, स्कूल, सड़क, पीएम आवास समेत कई मामलों पर दिए त्वरित निर्देश

0

रायगढ़ : कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सोमवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में शिक्षा, सड़क, प्रधानमंत्री आवास, तेंदूपत्ता पारिश्रमिक, पेंशन, राजस्व और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े कई आवेदन प्राप्त हुए।

ग्राम पंचायत घरघोड़ी की सरपंच ने बेलडीपा स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल भवन के जर्जर होने की जानकारी देते हुए मरम्मत की मांग की। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

धरमजयगढ़ विकासखंड के कटाईपाली-सी गांव के सरपंच ने हाईस्कूल में शिक्षकों और व्याख्याताओं की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि 200 से अधिक छात्र अध्ययनरत हैं, लेकिन पर्याप्त शिक्षकों के अभाव में पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस पर कलेक्टर ने जल्द शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

जनदर्शन में रेगड़ा निवासी रामवती भुईया ने 730 गड्डी तेंदूपत्ता बेचने के बावजूद पारिश्रमिक नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। कलेक्टर ने वन विभाग और डीएफओ को जांच कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

तमनार की लीना डनसेना ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की, जबकि कोड़ातराई के सरपंच ने जर्जर सड़क के नवीनीकरण का मुद्दा उठाया। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए।

वृद्धावस्था पेंशन से वंचित तारक दास के आवेदन पर भी कलेक्टर ने नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा राशन कार्ड, विधवा पेंशन, राजस्व और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कई मामलों पर भी अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और सभी लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here