Home छत्तीसगढ़ Mahadev Online Betting App Case: रायपुर PMLA कोर्ट ने EbixCash चेयरमैन विकास...

Mahadev Online Betting App Case: रायपुर PMLA कोर्ट ने EbixCash चेयरमैन विकास गर्ग को 10 दिन की ED रिमांड पर भेजा

0

रायपुर:  महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार EbixCash के चेयरमैन विकास गर्ग को आज रायपुर स्थित विशेष पीएमएलए (PMLA) कोर्ट में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें 10 दिनों की ईडी रिमांड पर भेज दिया। अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) 24 जुलाई को उन्हें दोबारा कोर्ट में पेश करेगा।

बता दें कि कोर्ट के आदेश के बाद ईडी की टीम विकास गर्ग को अपने साथ लेकर कोर्ट परिसर से रवाना हो गई। अब एजेंसी अगले 10 दिनों तक उनसे गहन पूछताछ करेगी। जांच के दौरान महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप नेटवर्क, कथित मनी लॉन्ड्रिंग, हवाला लेन-देन, निवेश के स्रोत और अन्य आरोपियों से जुड़े वित्तीय लेन-देन सहित कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर पूछताछ किए जाने की संभावना है।

इससे पहले ईडी ने विकास गर्ग को दिल्ली स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उन्हें रायपुर लाया गया, जहां विशेष पीएमएलए कोर्ट में पेश कर एजेंसी ने 14 दिनों की रिमांड की मांग की थी। हालांकि, अदालत ने 10 दिनों की रिमांड मंजूर की।

ईडी का आरोप है कि महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से अर्जित कथित अवैध धन को विकास गर्ग के नियंत्रण वाली विभिन्न कंपनियों में निवेश किया गया। इसके बाद इस राशि को कई कंपनियों के माध्यम से लेयरिंग कर शेयरों, प्रतिभूतियों (Securities) और अन्य परिसंपत्तियों के अधिग्रहण में इस्तेमाल किया गया। जांच एजेंसी इस मामले में पहले ही विकास गर्ग, उनके  परिवार के सदस्यों और उनसे जुड़ी कंपनियों की 940.77 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां अटैच कर चुकी है।

जांच एजेंसी के अनुसार, विकास गर्ग विकास इकोटेक लिमिटेड, विकास लाइफकेयर लिमिटेड और एराया लाइफस्पेसेस लिमिटेड के प्रमोटर हैं। ईडी का दावा है कि एराया लाइफस्पेसेस लिमिटेड के माध्यम से कथित अवैध धन का उपयोग कर EbixCash में 64 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की गई।

ईडी के विशेष लोक अभियोजक सौरभ पांडेय ने बताया कि अदालत ने विकास गर्ग को 10 दिनों की ईडी रिमांड पर भेजा है। अब एजेंसी उनसे विस्तृत पूछताछ करेगी और 24 जुलाई को उन्हें दोबारा कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here