Home छत्तीसगढ़ बारिश में मौत के साये में पढ़ाई! अभनपुर में स्कूल पर ताला,...

बारिश में मौत के साये में पढ़ाई! अभनपुर में स्कूल पर ताला, पालकों का बड़ा आंदोलन

0

अभनपुर : विकासखंड अभनपुर के ग्राम सोनसिल्ली स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला में जर्जर भवन को लेकर ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, पालकों और स्कूली छात्र-छात्राओं का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। उन्होंने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया। लगातार हो रही बारिश के बीच सुबह से प्रदर्शनकारी हाथों में विभिन्न मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर “नया स्कूल भवन दो” के नारे लगाते रहे। इस पूरे प्रदर्शन के दौरान स्कूल के शिक्षक असहाय होकर कुछ दूरी पर मूकदर्शक बने रहे।

जान जोखिम में डालकर बच्चे पढ़ने को मजबूर

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक दोनों स्कूल एक ही परिसर में दो पाली में संचालित होते हैं। दोनों भवन जर्जर हो चुके हैं और कभी भी ढह सकते हैं। लगातार बारिश के कारण भवन की स्थिति और अधिक खतरनाक हो गई है। उनका कहना है कि यदि पढ़ाई के दौरान किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे मासूम बच्चों की जान जोखिम में पड़ जाएगी।

ग्रामीणों ने क्या आरोप लगाया ?

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जर्जर भवन की जानकारी शासन-प्रशासन को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पालकों ने कहा कि बच्चों की शिक्षा के साथ उनकी सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

इसी मजबूरी में उन्हें शिक्षा के मंदिर पर ताला लगाकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए आंदोलन करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक स्कूल भवन की व्यवस्था ठोस नहीं होगा, तब तक स्कूल का ताला नहीं खोला जाएगा।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने क्या कहा ?

इस संबंध में अभनपुर विकासखंड शिक्षा अधिकारी धरमचंद जैन ने बताया मैं सोनसिली में लोगों से मिलकर थोड़ी देर पहले ही आया हूं कि आज ही जर्जर भवन को डिस्मेंटल करने के लिए आदेश पारित करवाऊंगा और नए स्कूल भवन की स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

अभनपुर एसडीएम ने क्या कहा ?

वहीं अभनपुर एसडीएम रवि सिंह ने कहा कि इस मामले में उनकी विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) से चर्चा हो चुकी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि नए स्कूल भवन के निर्माण के लिए शीघ्र आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here