मनेन्द्रगढ़ : अंतरराष्ट्रीय जनसंख्या दिवस पखवाड़ा के उपलक्ष्य में आज बीएड कॉलेज मनेन्द्रगढ़ में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण (Orientation) कार्यशाला का गरिमामयी आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य भावी शिक्षकों को जनसंख्या स्थिरता, परिवार नियोजन और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रति जागरूक करना था। विभागीय अधिकारियों ने कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर शिशिर जायसवाल (जिला कार्यक्रम प्रबंधक), सुलेमान खान (विकास खण्ड कार्यक्रम प्रबंधक), डॉ. अतीक सोनी (नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम), अवनीश पाण्डेय (जिला नोडल, आयुष्मान आरोग्य मंदिर) एवं प्रमेंद सिंह (BETO) विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक समाज का दर्पण होते हैं। बीएड के ये छात्र-छात्राएं भविष्य में शिक्षक बनकर समाज को जनसंख्या नियंत्रण और बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। जनसंख्या सस्थिरीकरण के संबंध मैं स्थाई और अस्थाई साधनों के बारे में छात्रों को जानकारी दी गई तथा जनसंख्या वृद्धि से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में भी अवगत कराया गया हमारे जीवन में जनसंख्या वृद्धि को रोकना क्यों आवश्यक है इस संबंध में भी छात्रों को जानकारी दिया गया। प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का कार्यशाला के दौरान विषय से संबंधित विभिन्न गतिविधियों और संवाद सत्र का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले और सक्रिय सहभागिता निभाने वाले बच्चों को अतिथियों के कर-कमलों से पुरस्कार वितरण कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर छात्रों के चेहरे खिल उठे।
इस दौरान कॉलेज के प्राचार्य, प्राध्यापकगण सहित भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



