Home छत्तीसगढ़ रायगढ़ में मां-बेटी की निर्मम हत्या! 10 माह की मासूम समेत दो...

रायगढ़ में मां-बेटी की निर्मम हत्या! 10 माह की मासूम समेत दो की मौत से सनसनी

0

रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मां और बेटी की हत्या का खौफनाक मामला सामने आया है। लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के छापरगांव में खेत स्थित एक बोरवेल के पास घर में एक महिला और उसकी 10 माह की बेटी पर जानलेवा हमला किया गया। घटना में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं मामले में पुलिस जांच में जुट गई है। यह मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान बरत कुमारी नाग (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि उसकी 10 माह की बेटी कुमारी परी नाग की भी मौत हो गई। दोनों छापरगांव के रहने वाले प्रहलाद बेहरा के खेत में बने मकान में मिले थे। प्रारंभिक जांच में महिला और बच्ची के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि उन पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही लैलूंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं और फोरेंसिक व तकनीकी टीम की मदद से मामले की जांच की जा रही है। घटना 15 और 16 जुलाई की दरमियानी रात की बताई जा रही है।

भारी वस्तु से हमला कर हत्या की आशंका

मामले में एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि खेत में बने एक बोर घर में एक महिला घायल अवस्था में पड़ी हुई थी। वहीं पास में एक बच्ची की मृत्यु हो गई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां करीब 10 माह की बच्ची की मृत्यु हो चुकी थी, जबकि महिला बेहोश अवस्था में थी। दोनों के शरीर पर चोट के निशान थे। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि किसी भारी वस्तु से उन्हें चोट पहुंचाई गई है। महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लैलूंगा में इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 16 जुलाई को उसकी मौत हो गई।

हत्या का मामला दर्ज, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर लैलूंगा थाने में बीएनएस की धारा 103 (1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। मामले में आरोपी अज्ञात है और उसकी पतासाजी की जा रही है। मामले की जांच में तकनीकी टीम की भी मदद ली जा रही है।

फिलहाल, पुलिस मामले में हर पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना के पीछे की वजह और आरोपी की भूमिका जल्द स्पष्ट होने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here