सक्ती : हिंदू संघर्ष समिति के राष्ट्रीय महासचिव अनूप पांडेय द्वारा जारी नियुक्ति आदेश के अनुसार डॉ. चौलेश्वर चंद्राकर को संगठन का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर संगठन के पदाधिकारियों और समर्थकों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
नियुक्ति के बाद डॉ. चौलेश्वर चंद्राकर ने राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि हिंदू संघर्ष समिति के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और समाजहित के कार्यों को गति देने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
डॉ. चौलेश्वर चंद्राकर छात्र राजनीति के समय से ही सामाजिक और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे हैं। छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण आंदोलन के दौरान उन्होंने युवाओं को संगठित करने और राज्य निर्माण के लिए विभिन्न स्तरों पर सक्रिय भूमिका निभाई। जांजगीर-चांपा जिले के सक्ती क्षेत्र से जुड़े डॉ. चंद्राकर वर्तमान में रायपुर में सक्रिय सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
वर्तमान में वे भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य तथा दुर्ग संभाग के प्रभारी के रूप में भी कार्यरत हैं। शैक्षणिक क्षेत्र में भी उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियां रही हैं। उन्होंने एम.ए., एम.फिल. और पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है तथा गोल्ड मेडलिस्ट भी रहे हैं।

डॉ. चौलेश्वर चंद्राकर को वर्ष 2007 में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य अलंकरण समारोह में पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा वे झीरम घाटी नक्सली हमले में घायल भी हुए थे। सामाजिक, शैक्षणिक और जनसेवा के क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय माना जाता है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर डॉ. चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम की मातृभूमि माता कौशल्या की पावन धरती है और सनातन संस्कृति की समृद्ध परंपराओं का केंद्र है। उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।



