भारतीय टीम का नया मिशन अब शुरू होने को है। इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 और उसके बाद वनडे सीरीज में मुंह की खाने के बाद टीम इंडिया का मुकाबला जिम्बाब्वे से होने जा रहा है। सीरीज के दौरान तीन मैच खेले जाएंगे, जिसमें कप्तानी की जिम्मेदारी एक बार फिर से श्रेयस अय्यर संभालेंगे, जो इतने दिन बाद भी पहली जीत की तलाश में हैं। उनका खाता इस सीरीज के दौरान खुलेगा कि नहीं, ये तो आने वाला वक्त बताएगा, लेकिन इस बीच आपको इस सीरीज के लिए जो स्क्वाड चुना गया है, उस पर एक नजर जरूर डाल लेनी चाहिए। टीम इंडिया इस वक्त जिम्बाब्वे पहुंच चुकी है और अपनी तैयारी कर रही है।
भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी20 सीरीज का पहला मैच 23 जुलाई को खेला जाएगा
भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज का पहला मैच 23 जुलाई यानी गुरुवार को खेला जाएगा। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया का ऐलान काफी पहले ही कर दिया गया था। श्रेयस को कुछ ही वक्त पहले टीम का नया कप्तान बनाया गया है। भारतीय टीम ने मार्च में ही सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीता था, इसके बाद ही उन्हें कप्तानी से हटा दिया गया और टीम से भी बाहर हो गए। माना जा रहा है कि सूर्या का फॉर्म नहीं था, इसलिए उन्हें अपनी जगह गंवानी पड़ी है। इस बीच जब से श्रेयस कप्तान बने हैं, टीम को जीत नसीब नहीं हो पाई है।
आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज हार चुकी है टीम इंडिया
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया ने पहला दौरा आयरलैंड का किया। सीरीज से पहले माना जा रहा था कि श्रेयस का आगाज अच्छा हो जाएगा, क्योंकि आयरलैंड को मजबूत टीम नहीं माना जाता है, लेकिन हुआ इसके ठीक उलट। दो मैचों की सीरीज में आयरलैंड ने टीम इंडिया का सूपड़ा साफ कर दिया। इसके बाद जब टीम इंग्लैंड पहुंची तो वहां पांच मैचों की सीरीज के चार मैच टीम हार गई और एक मैच बारिश के कारण रद हो गया था। यानी श्रेयस अय्यर अब तक सात मैच खेल चुके हैं और जीत है कि मिल नहीं रही है।
संजू सैमसन टीम से बाहर, अभिषेक और वैभव सूर्यवंशी करेंगे पारी का आगाज
अब अगर आगामी सीरीज की बात की जाए तो इसमें संजू सैमसन का नाम गायब है। बताया जा रहा है कि उन्हें आराम दिया गया है। इसका मतलब ये है कि अभिषेक शर्मा के साथ वैभव सूर्यवंशी पारी का आगाज करेंगे। वैसे तो बैकअप विकेट कीपर के तौर पर प्रभसिमरन सिंह को भी टीम में रखा गया है, लेकिन लगता नहीं कि उन्हें अभी मौका मिलेगा। ईशान किशन इस भूमिका में नजर आएंगे। मिडल आर्डर के लिए तिलक वर्मा, कप्तान श्रेयस, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे के अलावा रिंकू सिंह भी टीम में हैं। गेंदबाजी की बात की जाए तो उसमें प्रिंस यादव, हर्ष दुबे, यश ठाकुर, अशोक शर्मा के साथ ही मयंक यादव को भी जगह दी गई है। रवि बिश्नोई भी टीम में शामिल हैं। देखना होगा कि ये नई और बदली हुई टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ कैसा प्रदर्शन करती है।
ये है भारत बनाम जिम्बाब्वे टी20 सीरीज के मैचों का पूरा शेड्यूल
जैसा कि हमने आपको ही बताया कि सीरीज का पहला मैच 23 जुलाई को खेला जाएगा। इसके बाद अगला मैच 25 जुलाई दिन शनिवार को होगा, तीसरा और आखिरी मैच 26 जुलाई दिन रविवार को खेला जाएगा। यानी कुल मिलाकर चार दिन के भीतर तीन मैच खेल लिए जाएंगे। सभी की नजर इस सीरीज में श्रेयस अय्यर की कप्तानी और युवा वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी पर रहेगी। जिन्होंने हाल ही में अपना डेब्यू किया है, लेकिन अब तक अपनी छाप छोड़ने में कामयाब नहीं हो पाए हैं।
जिम्बाब्वे T20Is के लिए भारत की टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), ईशान किशन (विकेट कीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह (विकेट कीपर), रवि बिश्नोई।



