एस एच अज़हर अमन पथ दंतेवाड़ा कुआकोंडा : दंतेवाड़ा छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत विकासखंड कुआकोंडा के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को भव्य साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 140 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें प्रदान कर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक चैतराम मटामी थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुडामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुकालू मुडामी और जनपद पंचायत उपाध्यक्ष दीपिका सुमित भदौरिया उपस्थित रहे।
अतिथियों ने छात्राओं को साइकिल सौंपते हुए कहा कि यह योजना बालिका शिक्षा को नई गति देने के साथ-साथ स्कूल तक उनकी सुगम पहुंच सुनिश्चित कर रही है। मुख्य अतिथियों ने छात्राओं से साइकिल का सदुपयोग कर नियमित विद्यालय आने, अनुशासित रहकर पढ़ाई करने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि शासन की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं का उद्देश्य हर विद्यार्थी तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है। उन्होंने छात्राओं से उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने का संकल्प लेने को कहा।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। पूरा माहौल उत्साह और उल्लास से भरा रहा।



