Home छत्तीसगढ़ देवभोग ब्लॉक की कई ग्राम पंचायतों में रिचार्ज पिट निर्माण पर सवाल,...

देवभोग ब्लॉक की कई ग्राम पंचायतों में रिचार्ज पिट निर्माण पर सवाल, ग्रामीणों ने लगाई अनियमितता की शिकायत

0

देवभोग : गरियाबंद जिले के जनपद पंचायत देवभोग अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में भूजल संवर्धन एवं जल संरक्षण के उद्देश्य से कराए जा रहे रिचार्ज पिट (सोखता गड्ढा) निर्माण कार्यों में अनियमितता के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई स्थानों पर निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप नहीं किया गया है, जबकि कहीं-कहीं बिना वास्तविक कार्य के ही कागजी प्रक्रिया पूरी कर राशि का आहरण किए जाने का आरोप है। ग्रामीणों के अनुसार कुछ पंचायतों में निर्माण कार्य पूर्ण होने की तस्वीरें अपलोड कर दी गई हैं, लेकिन मौके पर या तो कार्य अधूरा है अथवा निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण नहीं किया गया। उनका आरोप है कि जिन स्थानों पर न तो कुआं, हैंडपंप या बोरवेल जैसे जल स्रोत मौजूद हैं, वहां भी रिचार्ज पिट निर्माण दर्शाकर भुगतान कर दिया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि तकनीकी मापदंडों के अनुसार रिचार्ज पिट की लंबाई, चौड़ाई और गहराई लगभग डेढ़-डेढ़ मीटर होनी चाहिए तथा इसका निर्माण कुएं, हैंडपंप या बोरवेल से तीन से छह मीटर की दूरी पर किया जाना आवश्यक है। आरोप है कि कई स्थानों पर इन मानकों की अनदेखी कर निर्माण कार्य किया गया या केवल कागजों में ही कार्य पूरा दिखाया गया।

ग्राम पंचायत लाटापारा, गंगराजपुर, कुम्डई खुर्द, सुकलीभाटा नवीन, झिरीपानी, पुरानापानी, सरगिगुडा, गोहेकेला सहित देवभोग ब्लॉक की अन्य कई ग्राम पंचायतों में भी दर्जनों रिचार्ज पिट निर्माण कार्यों में अनियमितता होने की शिकायत है। आरोप है कि संबंधित अधिकारी एवं तकनीकी अमला न तो निर्माण स्थल का समुचित निरीक्षण करता है और न ही गुणवत्ता की प्रभावी निगरानी करता है। इसके बावजूद कार्यों का पूर्ण मूल्यांकन कर भुगतान जारी कर दिया गया। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, निर्माण कार्यों का भौतिक सत्यापन कराने तथा यदि अनियमितता की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ठेकेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग जिला प्रशासन से की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here