देवघर जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं को मिली बड़ी राहत, समिति ने जनभावनाओं का सम्मान करने पर रेलवे प्रशासन के प्रति जताया हार्दिक आभार
बिलासपुर। (कैलाश वस्त्रकार) : सावन माह में भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए झारखंड स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर जाने वाले हजारों शिवभक्तों के लिए राहत भरी खबर के बीच बोल बम सेवा समिति, बिलासपुर ने मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) बिलासपुर श्री राकेश रंजन के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है। समिति ने साउथ बिहार एक्सप्रेस को पुनः यथावत संचालित (रिस्टोर) कराने के लिए डीआरएम द्वारा किए गए सकारात्मक प्रयासों, संवेदनशीलता और जनभावनाओं के सम्मान की सराहना की।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि सावन माह में प्रतिवर्ष छत्तीसगढ़ सहित पूरे क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम जलाभिषेक के लिए देवघर जाते हैं। ऐसे समय में साउथ बिहार एक्सप्रेस का पुनः संचालन श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत राहतकारी एवं सुविधाजनक साबित होगा। इससे हजारों यात्रियों की यात्रा सुगम होने के साथ उनकी धार्मिक आस्था को भी सम्मान मिला है।
बोल बम सेवा समिति ने कहा कि रेलवे प्रशासन द्वारा लिया गया यह निर्णय केवल एक रेल सेवा की बहाली नहीं, बल्कि करोड़ों शिवभक्तों की भावनाओं का सम्मान है। समिति ने इसे जनहित एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के प्रति रेलवे प्रशासन की सकारात्मक सोच और संवेदनशील कार्यशैली का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
समिति के सदस्यों ने मंडल रेल प्रबंधक श्री राकेश रंजन के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आमजन की भावनाओं को समझते हुए लिया गया यह निर्णय लंबे समय तक याद रखा जाएगा। समिति ने रेलवे प्रशासन के प्रति पुनः आभार व्यक्त करते हुए डीआरएम श्री राकेश रंजन के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी रेलवे प्रशासन जनहित एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इसी प्रकार संवेदनशील निर्णय लेता रहेगा।



