देवभोग: नगर पंचायत देवभोग से होकर रायपुर और ओडिशा को जोड़ने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-130सी पर इन दिनों बेसहारा एवं खुले छोड़े गए मवेशियों की बढ़ती संख्या राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बन गई है। दिन हो या रात, सड़क पर मवेशियों के बैठने और घूमने से दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई पशुपालक अपने मवेशियों को खुला छोड़ देते हैं, जिससे वे राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंच जाते हैं। तेज रफ्तार से गुजरने वाले भारी वाहनों और अन्य वाहनों के बीच अचानक मवेशियों के आ जाने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो सकते हैं और बड़ा हादसा हो सकता है।

इससे पहले भी इस मार्ग पर मवेशियों और वाहनों के बीच कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें मवेशियों की मौत के साथ-साथ वाहन चालकों को भी नुकसान उठाना पड़ा है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत, पशुपालन विभाग और संबंधित प्रशासन से मांग की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग से बेसहारा मवेशियों को हटाने, पशुपालकों पर आवश्यक कार्रवाई करने तथा नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े सड़क हादसे को रोका जा सके।यदि समय रहते इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया, तो एनएच-130सी पर कभी भी बड़ा और जानलेवा सड़क हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की लापरवाही पर भी उठ सकती है।



