Home छत्तीसगढ़ पेपर लीक आवाज उठाने वालों पर लाठी और हिरासत लोकतंत्र पर हमला:...

पेपर लीक आवाज उठाने वालों पर लाठी और हिरासत लोकतंत्र पर हमला: द्वारिकाधीश

0

बागबाहरा में कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार का पुतला दहन

महासमुंद :  देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों, नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर पुलिस लाठीचार्ज तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में गुरुवार को बागबाहरा में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद के अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव के नेतृत्व में अशोक होटल के समीप कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा करने में पूरी तरह विफल रही है।

भर्ती परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों अभ्यर्थियों की वर्षों की मेहनत पर पानी फिर रहा है, लेकिन सरकार दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय अपनी जिम्मेदारी से बच रही है। इस मौके पर खल्लारी विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य को लेकर असुरक्षा और निराशा के दौर से गुजर रहा है। लाखों छात्र-छात्राएं वर्षों तक कठिन परिश्रम कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक की घटनाएं उनकी मेहनत, समय और सपनों को एक झटके में खत्म कर देती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है और अब निष्पक्ष परीक्षाएं कराने में भी असफल साबित हो रही है। जब छात्र अपने भविष्य की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाते हैं, तो उन्हें लाठियों से जवाब दिया जाता है।

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लेकर सरकार ने यह साबित कर दिया है कि वह सवालों से डरती है और लोकतांत्रिक विरोध को दबाना चाहती है। कांग्रेस युवाओं की लड़ाई को हर मंच पर मजबूती से उठाती रहेगी। विधायक श्री यादव ने कहा कि पेपर लीक केवल परीक्षा में गड़बड़ी नहीं, बल्कि देश के युवाओं के सपनों और उनके भविष्य के साथ किया गया विश्वासघात है। कांग्रेस मांग करती है कि पेपर लीक के सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर सजा दी जाए, छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की जवाबदेही तय की जाए तथा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक आधार पर तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें।

यदि केंद्र सरकार युवाओं की आवाज को अनसुना करती रही, तो कांग्रेस का आंदोलन और अधिक व्यापक रूप से पूरे प्रदेश और देश में जारी रहेगा। इस दौरान कांग्रेस कमेटी के ब्लाक अध्यक्ष लखबीर सिंह छाबड़ा, देवेश साहू, फिरोज मेमन, भूपेंद्र ठाकुर, समीम खान, विजय बंजारे,ताम्रध्वज बघेल , फूलसिंह ध्रुव, पोखराज साहू, नवनीत सलूजा, पुष्पेंद्र चंद्राकर, मोहन बांधे, हितेश खरे, रमेश, मन्ता यादव, लोकेश उइके, आदी बोकड़े, उत्तम राणा , राजू चंद्राकर , खोमेश साहू , डोमन साहू , शैलेश साहू, हासिम , एडिसन ठाकुर , देवेंद्र बैरागी , आयुष पांडे , भोगेश्वर देवांगन, हरीश चंद्राकर , लक्ष्मी ध्रुव, महेश, शिवा जगत, चुम्मन तांडी, मोनू शर्मा, शैलेष साहू, योगेश बघेल, मनीष चंद्राकर आदि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here