Home छत्तीसगढ़ गुरु रविदास के विचारों से सामाजिक समरसता का संदेश देगा भाजपा का...

गुरु रविदास के विचारों से सामाजिक समरसता का संदेश देगा भाजपा का ‘समरसता संकल्प अभियान’

0

650वीं जयंती वर्ष पर जिला स्तरीय कार्यशाला व प्रेस वार्ता, विधायक भूलन सिंह मरावी और जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले ने बताई अभियान की रूपरेखा

मनेंद्रगढ़। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे प्रदेश में चलाए जा रहे “समरसता संकल्प अभियान” के तहत सोमवार को मनेंद्रगढ़ के गोंडवाना भवन, इमली गोलाई (कोल्ड स्टोर के समीप, डोमनापारा) में जिला स्तरीय कार्यशाला के बाद प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में मुख्य वक्ता एवं विधायक भूलन सिंह मरावी तथा भाजपा एमसीबी जिलाध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले ने अभियान के उद्देश्य, कार्यक्रमों और सामाजिक संदेश की विस्तृत जानकारी दी।

विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन के माध्यम से समानता, सामाजिक समरसता, मानवता और भाईचारे का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि भाजपा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और समरस समाज के निर्माण के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में यह अभियान चला रही है। अभियान के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को जोड़ते हुए सामाजिक एकता और समतामूलक व्यवस्था को मजबूत करने का संकल्प लिया जाएगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले ने कहा कि गुरु रविदास महाराज ने जाति-पांति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर मानव सेवा और समानता का मार्ग दिखाया। उनके आदर्श आज भी समाज को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समरसता संकल्प अभियान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और समावेशी समाज के निर्माण का व्यापक जनअभियान है।

प्रेस वार्ता में बताया गया कि अभियान के अंतर्गत जिलेभर में संगोष्ठियां, सामाजिक संवाद, जनजागरण अभियान, समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों से संपर्क तथा स्थानीय स्तर पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से गुरु रविदास महाराज के विचारों और उनके सामाजिक संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

नेताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं से अभियान को प्रत्येक बूथ और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि सामाजिक समरसता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज के बताए मार्ग पर चलकर ही एक सशक्त, समतामूलक और विकसित भारत का निर्माण संभव है। साथ ही सभी नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि सामाजिक सौहार्द, समान अवसर और आपसी भाईचारे की भावना ही भारत की वास्तविक पहचान है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here