बैकुंठपुर कोरिया : प्रदेश के मुख्यमंत्री के मंशानुरूप, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम व पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज, अंबिकापुर दीपक झा के आदेशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर के निर्देशानुरूप जिले में नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने पर रोक लगाने के उद्देश्य से विशेष जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।अभियान के दौरान नाबालिग बच्चों के अभिभावकों, विद्यालयों में बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के संबंध में विस्तार से समझाइश दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी परिस्थिति में नाबालिग बच्चों को दोपहिया अथवा चारपहिया वाहन चलाने की अनुमति न दें, क्योंकि यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि बच्चों एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन के लिए गंभीर खतरा भी है।
इस अवसर पर मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया गया कि यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए पाया जाता है, तो वाहन स्वामी अथवा अभिभावक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 194(ए) के तहत 25,000 रुपए का जुर्माना एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जावेगी। साथ ही दुर्घटना की स्थिति में बीमा दावे पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की जानकारी दी गई।
यातायात पुलिस ने उपस्थित सभी लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें तथा स्वयं भी जिम्मेदार नागरिक के रूप में सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। साथ ही बताया गया कि 30 जुलाई से 14 अगस्त 2026 तक व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा तथा 16 अगस्त 2026 से नाबालिग वाहन चालकों एवं संबंधित अभिभावकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्कूली बच्चों को विद्यालय लेकर आने जाने वाले वाहनों के चालको को एकत्रित कर सभी को माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा स्कूली वाहनों के संबंध में जारी दिशा निर्देशों से अवगत कराया गया और आगामी पांच दिवस का समय देते हुए अपने वाहनों के कागजात व ड्राइविंग लाइसेंस एवं एचएसआरपी नंबर प्लेट पूर्ण करने एवं क्षमता से अधिक बच्चों को ना लाने ले जाने हेतु समझाइए दी गई उक्त अवधि के पश्चात कमी पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम के तहत विधिवत कार्यवाही की जाएगी।उक्त जन-जागरूकता अभियान के दौरान यातायात प्रभारी बीरबल राजवाड़े, सहायक उप निरीक्षक किशुन राम भगत, हवलदार डॉ. महेश मिश्रा, सैनिक राजेश साहू व राजेश खलखो प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।



