आरंग : महानदी के ऊपरी कैचमेंट क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब रायपुर जिले के आरंग क्षेत्र में भी देखने को मिल रहा है। महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण निसदा गांव में बाढ़ का पानी घुस गया, जिससे एक ही परिवार के 6 सदस्य अपने घर में चारों ओर से पानी से घिर गए। सूचना मिलते ही SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम अभिलाषा पैकरा, तहसीलदार बाबूलाल कुर्रे और थाना प्रभारी हरीश साहू प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचे। बाढ़ के तेज बहाव को देखते हुए सामान्य नाव के बजाय SDRF की विशेषज्ञ टीम और मोटर बोट की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
जानकारी के अनुसार, बाढ़ में फंसा परिवार सियाराम साहू का था। सुबह ही ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने उन्हें घर खाली कर सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी थी, लेकिन परिवार ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भी घर नहीं छोड़ा। कुछ ही घंटों में जलस्तर इतना बढ़ गया कि पूरा मकान पानी से घिर गया और परिवार बाहर निकलने में असमर्थ हो गया।
इधर, पंचायत की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक ने समय रहते निचले इलाकों में रहने वाले 12 घरों के 42 लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचा दिया। प्रशासन का कहना है कि समय पर कार्रवाई नहीं होती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
फिलहाल निसदा गांव में प्रशासन की टीम लगातार निगरानी कर रही है। गांव में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने और महानदी के तटीय क्षेत्रों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।



