Home छत्तीसगढ़ बारिश के बीच गूंजा शिक्षा का संकल्प, ‘मिशन 100’ से शत-प्रतिशत परिणाम...

बारिश के बीच गूंजा शिक्षा का संकल्प, ‘मिशन 100’ से शत-प्रतिशत परिणाम का लक्ष्य

0

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय गोदरीपारा में शाला प्रवेशोत्सव, छात्राओं को मिली साइकिलें, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधरोपण

एमसीबी/चिरमिरी : लगातार हो रही बारिश भी शिक्षा के उत्साह को नहीं रोक सकी। सावन के दूसरे दिन चिरमिरी के गोदरीपारा स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव, साइकिल वितरण एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का कार्यक्रम उत्साह और जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत कर शैक्षणिक सामग्री वितरित की तथा छात्राओं को साइकिलें प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने विद्यालय में ‘मिशन 100’ के तहत शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम हासिल करने का लक्ष्य घोषित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और संस्कार के साथ अध्ययन करने का आह्वान करते हुए कहा कि सफलता केवल अंकों से नहीं, बल्कि अच्छे चरित्र और व्यवहार से भी तय होती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शपथ भी दिलाई।

पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया गया। बारिश के बीच जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मंत्री ने सभी से पौधों की देखभाल करने और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

स्कूल में सुविधाएं बढ़ाने की घोषणा

मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए स्मार्ट क्लास, साउंड सिस्टम सहित आवश्यक सुविधाएं विकसित करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि नया भवन बनने तक स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय का संचालन वर्तमान भवन से ही जारी रहेगा, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

सड़क, पानी और बिजली की समस्याओं के समाधान का भरोसा

विद्यालय तक पहुंचने वाली सड़क को पक्का कराने, महापौर निधि से जंबलाइट एवं हूटर की व्यवस्था कराने तथा पानी की समस्या के समाधान के लिए फिलहाल टैंकर से जल उपलब्ध कराने की बात कही गई। साथ ही भविष्य में विद्यालय को अमृत जल मिशन-2 से जोड़कर स्थायी पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया।

कार्यक्रम में महापौर राम नरेश राय, शाला विकास परिषद की अध्यक्ष इंदु पंडरिया, पूर्व महापौर डमरू बेहरा, मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम सोनकर, जिला उपाध्यक्ष राजकुमार बाधवान, युवा नेता धनंजय पांडे, अरुणोदय पांडे, विद्यालय के प्राचार्य बलविंदर सिंह, खड़गवां बीईओ, निगम पार्षद, एल्डरमैन, बबलू शर्मा, श्रीपत, शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम ने शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक संकल्प का प्रेरक संदेश दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here