कृष्णा रिवर फ्रंट में होगा भव्य आयोजन, राज्य योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल होंगे मुख्य अतिथि
मनेन्द्रगढ़ :पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण तैयार करने के संकल्प के साथ अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन जिला इकाई एमसीबी/कोरिया द्वारा 9 अगस्त 2026, रविवार को कृष्णा रिवर फ्रंट ग्राम लालपुर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दोपहर 3 बजे से होने वाले इस आयोजन को लेकर सम्मेलन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के साथ जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, युवा, महिलाएं, विद्यार्थी एवं पर्यावरण प्रेमी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
पौधरोपण के साथ संरक्षण का भी लिया जाएगा संकल्प
आयोजन का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि आमजन में पर्यावरण संरक्षण और पौधों की नियमित देखभाल के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पौधों का रोपण किया जाएगा तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण और संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि वृक्षारोपण को जनभागीदारी से जोड़कर ही पर्यावरण संरक्षण को स्थायी अभियान का रूप दिया जा सकता है।
संजय अग्रवाल होंगे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य योग आयोग के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन छत्तीसगढ़ के मुख्य संरक्षक संजय अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव करेंगी। वहीं ग्राम पंचायत लालपुर के सरपंच महेंद्र प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम के पश्चात अतिथियों एवं उपस्थितजनों के लिए वनभोज (स्वल्पाहार) की व्यवस्था भी की गई है।
व्यापक भागीदारी से अभियान को जनआंदोलन बनाने की तैयारी
सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत मित्तल (हिसार), प्रदेश अध्यक्ष राम अवतार अग्रवाल (बिलासपुर) एवं जिला अध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार (मनेन्द्रगढ़) के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के सदस्यों एवं विभिन्न वर्गों से संपर्क किया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार ने किया सहभागिता का आह्वान
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन जिला इकाई एमसीबी के जिलाध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाने के साथ उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी उठानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पेड़ केवल ऑक्सीजन का स्रोत नहीं हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि प्रत्येक व्यक्ति पौधरोपण के साथ उसके संरक्षण का संकल्प ले तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण दिया जा सकता है।
रघुनाथ पोद्दार ने सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर इसे जनअभियान से जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “आओ पेड़ लगाएं, धरती को हरियाली से सजाएं” केवल नारा नहीं, बल्कि सुरक्षित भविष्य के लिए सामूहिक संकल्प है।



