Home छत्तीसगढ़ सड़क पर जिंदगी और मौत से जूझ रहा था अज्ञात बाइक सवार,...

सड़क पर जिंदगी और मौत से जूझ रहा था अज्ञात बाइक सवार, अधिकार मित्र अंजनी यादव बनीं मददगार

0

शिविर से लौटते समय नऊवा नाला के पास मिला घायल, सिर व नाक से निकल रहा था खून; तत्काल पुलिस और 112 को दी सूचना

मनेंद्रगढ़/एमसीबी :  मानवता अभी जिंदा है—इसका उदाहरण उस समय देखने को मिला जब शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला धवलपुर में आयोजित शिविर से लौट रहीं अधिकार मित्र श्रीमती अंजनी यादव को सड़क किनारे एक अज्ञात बाइक सवार गंभीर हालत में पड़ा मिला। उन्होंने बिना समय गंवाए पुलिस और 112 को सूचना देकर घायल की मदद के लिए तत्काल प्रयास शुरू किए।

जानकारी के अनुसार 7 अगस्त को शिविर के पश्चात श्रीमती अंजनी यादव चौकी कोड़ा की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान लेदरी से थाना झगड़ाखांड से लगभग तीन किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत नारायणपुर के पास नऊवा नाला क्षेत्र में उन्हें एक व्यक्ति सिर के बल सड़क किनारे गिरा हुआ दिखाई दिया। उसकी नाक और सिर से खून निकल रहा था, जबकि बाइक उसके पीठ के ऊपर गिरी हुई थी। प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए श्रीमती अंजनी यादव ने तत्काल थाना झगड़ाखांड के एसआई मंचनराम को फोन कर घटना की जानकारी दी तथा 112 हेल्पलाइन पर भी सूचना देकर तत्काल सहायता की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने वहां से गुजर रहे बाइक सवारों को हाथ देकर रोका और घायल की सहायता करने का आग्रह किया। इस दौरान दो राहगीरों ने रुककर मदद की।

इसी बीच एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंचा और उसने घायल को पहचानने की बात कहते हुए उसके परिजनों को सूचना देने की बात कही। इस तरह समय रहते घायल व्यक्ति तक मदद पहुंचाने के लिए श्रीमती अंजनी यादव ने पुलिस, आपातकालीन सेवा और स्थानीय लोगों के सहयोग को सक्रिय किया।

सेवा भाव की हो रही सराहना

अधिकार मित्र श्रीमती अंजनी यादव द्वारा दिखाई गई तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की जा रही है। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के लिए शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में बिना पहचान की चिंता किए तत्काल पुलिस और 112 को सूचना देना तथा राहगीरों को रोककर सहायता जुटाना सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदना का परिचायक है।

अधिकार मित्र श्रीमती अंजनी यादव का यह प्रयास लोगों को सड़क दुर्घटना के दौरान घायलों की मदद के लिए आगे आने और समय पर पुलिस एवं आपातकालीन सेवाओं को सूचना देने का संदेश देता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here