Home देश फरीदाबाद में एक दर्दनासड़क हादसे में ई-रिक्शा पलटने से 7 साल के...

फरीदाबाद में एक दर्दनासड़क हादसे में ई-रिक्शा पलटने से 7 साल के बच्चे की मौत, गली में साइकिल चला रहा था मासूम…

0

हरियाणा के फरीदाबाद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 7 साल के बच्चे की जान चली गई. बच्चा गली में साइकिल चला रहा था, तभी पानी की बोतलों से भरा ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर उसके ऊपर पलट गया. हादसे में बच्चा ई-रिक्शा के नीचे दब गया. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हादसे का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है.हादसा फरीदाबाद के सेक्टर-31 इलाके की एक गली में हुआ. मृतक बच्चे की पहचान सक्षम के रूप में हुई है. बताया गया कि सक्षम गली में साइकिल चला रहा था. इसी दौरान पानी की बोतलों से भरा एक ई-रिक्शा वहां से गुजर रहा था. सड़क पर निकले एक रैंप की वजह से ई-रिक्शा कथित तौर पर अनियंत्रित हो गया और पलटते हुए साइकिल चला रहे बच्चे के ऊपर जा गिरा.

गली में साइकिल चला रहा था सक्षम:- अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोग तुरंत बच्चे को बचाने के लिए दौड़े. लोगों ने किसी तरह ई-रिक्शा को हटाया और उसके नीचे दबे सक्षम को बाहर निकाला. इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. हादसे से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है. इसमें बच्चा साइकिल चलाते हुए दिखाई देता है और कुछ ही पलों में ई-रिक्शा की चपेट में आ जाता है. वीडियो सामने आने के बाद हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है.

पुलिस ने रिक्शा चालक को किया अरेस्ट:- सक्षम के पिता अजय रावत नोएडा की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं. परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के फतेहाबाद का रहने वाला है और पिछले कई वर्षों से फरीदाबाद के सेक्टर-31 में रह रहा था. बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया. जांच अधिकारी एएसआई निजामुद्दीन के मुताबिक, ई-रिक्शा चला रहे व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया है. पुलिस ने मृतक के पिता अजय रावत की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है. शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया.

हादसे की जांच में जुटी पुलिस:- पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है. रैंप की वजह से ई-रिक्शा कैसे अनियंत्रित हुआ और हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है, इन सभी पहलुओं को जांच में शामिल किया गया है. फिलहाल एक मासूम की मौत ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सड़क पर बने रैंप को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here