महासमुंद : राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने और 80वें स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए महासमुंद शहर में रविवार को पुलिस, सशस्त्र बल एवं नगर सेना के जवानों ने भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली। हाथों में तिरंगा थामे जवान जब सड़कों पर निकले तो पूरा शहर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। भारत माता की जय और जय हिंद के नारों से शहर का वातावरण गूंज उठा। पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में आयोजित इस रैली को उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) गोपाल धुर्वे ने पुलिस कंट्रोल रूम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली पुलिस कंट्रोल रूम से प्रारंभ होकर जिला अस्पताल, खरोरा, संजय कानन, बागबाहरा रोड होते हुए कलेक्टर बंगला पहुंची और यहां से वापस पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर संपन्न हुई। राष्ट्रीय एकता, अखंडता और जनमानस में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने के उद्देश्य से निकाली गई इस रैली में जिला पुलिस बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 15वीं एवं 20वीं वाहिनी तथा नगर सेना के करीब 150 अधिकारी-जवान शामिल हुए। इनमें 99 जवान मोटरसाइकिलों पर सवार होकर तिरंगा लहराते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरे। आयोजन में रक्षित निरीक्षक, थाना प्रभारी महासमुंद सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



