महासमुंद: महासमुंद रेलवे स्टेशन पहुंचे रेलवे जोन भुवनेश्वर के जनरल मैनेजर परमेश्वर भुकवाल से नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर शहर की रेल सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर 8 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ भाजपा नेता संदीप दीवान, पार्षद पियुष साहू, सामाजिक कार्यकर्ता ज्ञानचंद चोपड़ा, बच्चन सिंह और विपिन बिहारी महंती शामिल रहे।प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि महासमुंद शहर लगातार विस्तार कर रहा है, लेकिन रेलवे से जुड़ी कई बुनियादी सुविधाएं और कनेक्टिविटी की समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। ज्ञापन में शंकरनगर में अंडरब्रिज निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी गई। उन्होंने ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में कई बार ज्ञापन दिया जा चुका है।
केंद्रीय रेल मंत्री, सांसद रूपकुमारी चौधरी और विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के निर्देश पर स्थल निरीक्षण भी कराया जा चुका है, लेकिन संबलपुर डिवीजन स्तर पर अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। प्रतिनिधियों ने पिटियाझर रेलवे क्रॉसिंग गेट नंबर-02 पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग, रायपुर से खरियार रोड के बीच प्रतिदिन सुबह-शाम लोकल ट्रेन शुरू करने, रेलवे स्टेशन का करीब 16 करोड़ रुपए की लागत से अमृत भारत योजना के तहत आधुनिकीकरण किया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्लेटफॉर्म का फर्श समतल होना चाहिए, लेकिन कई स्थानों पर करीब छह इंच तक ऊंच-नीच दिखाई दे रही है।
इसकी तकनीकी जांच कराकर गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की गी। साथ ही प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर यात्री प्रतीक्षालय, मुख्य प्रवेश द्वार से प्लेटफॉर्म तक शेड तथा प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर लिफ्ट या एस्केलेटर लगाने, अहमदाबाद-पुरी सुपरफास्ट ट्रेन को सप्ताह में तीन दिन के बजाय प्रतिदिन चलाने, सूरत-पुरी और गांधीधाम एक्सप्रेस के महासमुंद स्टेशन पर स्टॉपेज की मांग भी उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में रायपुर के बाद ओडिशा प्रवेश से पहले महासमुंद एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है, बावजूद इसके यहां अपेक्षित यात्री सुविधाएं और ट्रेनों के स्टॉपेज उपलब्ध नहीं हैं। दोनों प्रमुख ट्रेनों का महासमुंद में ठहराव मिलने से क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने भी जीएम से की चर्चा इन मांगों को लेकर भाजपा नेता संदीप दीवान ने सांसद रूपकुमारी चौधरी से मोबाइल पर रेलवे जीएम परमेश्वर भुकवाल की बातचीत कराई। सांसद ने भी महासमुंद से जुड़ी रेलवे की मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया। रेलवे जीएम परमेश्वर भुकवाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि महासमुंद स्टेशन से जुड़ी सभी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक स्टेशन निर्माण के दौरान स्टेशन की मौजूदा कमियों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।



