मामला जनपद पंचायत बालोद के ग्राम पंचायत खपरी (लाटाबोड़) का
रोजगार सहायक से परेशान पंचायत बॉडी ने उठाया कदम
अमन पथ न्यूज़ बालोद से उत्तम साहू : बालोद विकासखंड के ग्राम पंचायत खपरी (लाटाबोड़) की रोजगार सहायक स्थानांतरण आदेश के बाद भी ग्राम पंचायत खपरी से नहीं जा रही है। स्थानांतरण के बाद खपरी में आए नए रोजगार सहायक को भी चार्ज नहीं दे रही है। इससे परेशान सरपंच, उप सरपंच सहित ग्राम पंचायत के सभी पंचों ने इस्तीफा देने का मन बना लिया है। तत्काल स्थानांतरण करने के लिए जिला पंचायत सीईओ व जनपद पंचायत सीईओ को पत्र लिखकर इस आशय की जानकारी दे दी है।
ग्राम पंचायत खपरी की रोजगार सहायक प्रमिला साहू की लगातार शिकायत के बाद बड़ी मुश्किल से उसका स्थानांतरण ग्राम पंचायत लाटाबोड़ किया गया है। स्थानांतरण आदेश को जारी हुए पखवाड़ा बीत गया है, लेकिन उक्त रोजगार सहायक ना तो खपरी ग्राम पंचायत का चार्ज वहां स्थानांतरित होकर आए अन्य रोजगार सहायक को दे रही है और ना ही लाटाबोड़ में अपना प्रभार ले रही है। प्रभार देने के लिए सरपंच द्वारा पत्र लिखे जाने के बाद भी नियत तिथि में वह अनुपस्थिति रही। इससे नाराज होकर पंचायत प्रतिनिधियों ने अधिकारियों को पत्र लिखकर चार्ज दिलाने की मांग की है। साथ ही पत्र में यह भी लिखा है कि यदि प्रमिला साहू का स्थानांतरण नहीं किया गया तो सभी पंच व सरपंच इस्तीफा दे देंगे।
मनमानी सहित कई शिकायत
ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने अपनी पीड़ा अमनपथ जिला कार्यालय में आकर व्यक्त किया। उनसे मिली जानकारी के अनुसार रोजगार सहायक प्रमिला साहू की कई शिकायतें रही है। वह पंचायत कब आती है और कब जाती है इसकी कोई जानकारी पंचायत को नहीं दी जाती। इसके अलावा उनके द्वारा कार्यों में भी मनमानी की जाती है। रोजगार सहायक की कार्यप्रणाली से न केवल पंचायत बल्कि ग्रामीण भी परेशान हैं। यही वजह है कि अधिकारियों को शिकायत करने सिर्फ पंचायत प्रतिनिधि ही नहीं बल्कि ग्रामीण भी आगे आए हैं। बताया जाता है कि जब से वह यहां पदस्थ है तब से उनकी मनमानी चल रही है। कई बार शिकायत के बाद भी करवाई नहीं हुई, जुलाई में निकले स्थानांतरण आदेश में उसके स्थानांतरण होने से ग्रामीणों में खुशी थी, लेकिन अब वह पदभार नहीं छोड़ रही है जिससे ग्रामीणों में लगातार रोष बढ़ते जा रहा है।
पूर्व सरपंच के कार्यकाल में भी हुई है शिकायत
पंचायत प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि पूर्व सरपंच के कार्यकाल 2021 में भी रोजगार सहायक प्रमिला साहू के खिलाफ शिकायत की गई थी। उस समय भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं वर्तमान पंचायत प्रतिनिधियों के सामने भी वही समस्या खड़ी हो रही है। पूर्व में जो व्यवहार रोजगार सहायक का था वह आज भी बरकरार है। बार-बार शिकायत करने के बाद भी रोजगार सहायक अपने व्यवहार में किसी तरह का सुधार नहीं कर रही है, यही वजह है कि ग्रामीण अब प्रमिला साहू को पूरी तरह से पंचायत से स्थानांतरण चाहते हैं।
किसके सह पर भर रही दंभ
बताया जाता है कि स्थानांतरण आदेश जारी होने के बाद भी वह यह कहती हैं कि मैं खपरी पंचायत से कभी जाऊंगी ही नहीं। इससे ऐसी आशंका है कि रोजगार सहायक को किसी न किसी का वरदहस्त प्राप्त है। एक तरफ अधिकारी स्थानांतरण आदेश तो जारी लेकिन अभी तक चार्ज दिलाने के मामले में कोई गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। इससे कई आशंकाए जन्म ले रही है। ग्रामीणों के बीच यह चर्चा है कि रोजगार सहायक के ऊपर अधिकारियों का हाथ है। इसीलिए ना तो वह चार्ज दे रही है और न ही यहां से जाने का नाम ले रही है। इस संबंध में जनपद पंचायत सीईओ राजपूत से जानकारी लेने मोबाइल से संपर्क करने की कोशिश की गई , लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
वर्जन
इसकी अभी मुझे जानकारी नहीं है। मैं तत्काल जानकारी लेता हूं और जो भी समस्या होगी उसका तत्काल निराकरण करवाता हूं।
सुनील चंद्रवंशी
सीईओ
जिला पंचायत बालोद
वर्जन
रोजगार सहायक प्रमिला साहू का स्थानांतरण अन्य जगह हो गया है इसके बाद भी वह पंचायत नहीं छोड़ रही है और चार्ज भी नहीं दे रही है। इससे सभी ग्रामीणों में और पंचायत प्रतिनिधियों में नाराजगी है। यदि शीघ्र उसका स्थानांतरण नहीं किया गया और नए रोजगार सहायक को पदभार नहीं दिलाया गया तो सभी पंचायत बॉडी इस्तीफा दे देंगे
टकेश्वर
सरपंच
ग्राम पंचायत खपरी



