Home छत्तीसगढ़ हसदेव मंडल में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, वंदे मातरम् के जयघोष से...

हसदेव मंडल में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, वंदे मातरम् के जयघोष से गूंजा नगर

0

एमसीबी :  देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के उत्साह से ओत-प्रोत भाजपा हसदेव मंडल द्वारा शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा (बाइक रैली) का आयोजन किया गया। हाथों में तिरंगा और दिल में देशभक्ति का जज्बा लिए सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली में शामिल होकर नगरवासियों में राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा नगर पंचायत खोगापानी स्थित शिव मंदिर, मेन मार्केट से प्रारंभ हुई। यहां से यात्रा मुख्य मार्ग होते हुए नगर पंचायत नई लेदरी के अटल चौक, गणेश मंदिर, राधाकृष्ण मंदिर एवं जीएम ऑफिस से होकर नगर पंचायत झगड़ाखांड के अटल परिसर पहुंची, जहां यात्रा का भव्य समापन हुआ।

डीजे पर गूंजते देशभक्ति गीतों, वंदे मातरम् और भारत माता के जयघोष से पूरा नगर देशभक्ति के रंग में रंग गया। बाइक पर सवार कार्यकर्ताओं के हाथों में लहराता तिरंगा और उनके चेहरों पर राष्ट्रप्रेम का उत्साह देखते ही बन रहा था।

तिरंगा यात्रा जिस भी मार्ग से गुजरी, लोगों में इसे देखने के लिए खासा उत्साह नजर आया। नगरवासी अपने मोबाइल फोन से यात्रा की तस्वीरें और वीडियो बनाते हुए इस ऐतिहासिक पल को अपने कैमरे में कैद करते दिखाई दिए। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

यात्रा के समापन अवसर पर झगड़ाखांड के अटल परिसर में सैकड़ों कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्र की एकता, अखंडता और तिरंगे के सम्मान का संकल्प भी दोहराया गया।

तिरंगा यात्रा का आयोजन भाजपा हसदेव मंडल अध्यक्ष सुश्री बबीता सिंह के नेतृत्व में हुआ। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भाजपा जिला महामंत्री एवं हसदेव मंडल प्रभारी आशीष मजुमदार, जिला महामंत्री द्वारिका जायसवाल, हसदेव मंडल महामंत्री एवं तिरंगा यात्रा संयोजक भगवान दास, नई लेदरी नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा, खोगापानी नगर पंचायत विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र विश्वकर्मा, नई लेदरी नगर पंचायत विधायक प्रतिनिधि विनोद गुप्ता तथा झगड़ाखांड नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीमा यादव सहित भाजपा के विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, तीनों नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण क्षेत्र से आए जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

तिरंगे की शान, देश का सम्मान और राष्ट्रभक्ति के जज्बे के साथ हसदेव मंडल की यह तिरंगा यात्रा नगर में देशभक्ति की अमिट छाप छोड़ गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here