संवाददाता अमनपथ राजूनाथ जोगी नगरी : नगरी ब्लॉक में सड़कों की हालत दयनीय बनी हुई है। सांकरा से जैतपुरी तक सड़क निर्माण को लेकर पूर्व विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में जब वह विधायक थीं, तब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बेलर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांकरा से जैतपुरी तक सड़क निर्माण और चौड़ीकरण की घोषणा की थी। सड़क निर्माण को स्वीकृति भी मिल गई थी, लेकिन भाजपा की सरकार आते ही इस महत्वपूर्ण सड़क को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।
पूर्व विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव ने बताया कि सांकरा से जैतपुरी मार्ग पर पांच हाईस्कूल सहित कई ग्राम पंचायतें स्थित हैं। आसपास के गांवों के लिए यह मुख्य मार्ग है। इसी मार्ग से हाईस्कूल के छात्र-छात्राएं रोजाना साइकिल से स्कूल आते-जाते हैं। सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि सड़क की पटरी गड्ढों से भरी हुई है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं और मार्ग भी काफी संकरा है। इस मार्ग से केशकाल, कांकेर और कोंडागांव के लिए बड़ी बसों के साथ ही मालवाहक वाहन, ऑटो और टैक्सियां भी चलती हैं।
उन्होंने कहा कि रानीगांव पुल के पास टेड़गी नाला में रेनकट के कारण सड़क और गांव का रास्ता कट रहा है। वहीं घटुला पुल और उमरगांव के पास स्थित पुल भी जर्जर हालत में हैं। बारिश के दौरान सड़क के गड्ढों में पानी भर जाता है और पूरी सड़क कीचड़ से सराबोर हो जाती है। इससे छात्र-छात्राओं के स्कूल यूनिफॉर्म खराब हो जाते हैं। कई बार छात्राएं ऐसी स्थिति में स्कूल नहीं जा पातीं।
डॉ. ध्रुव ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार को आम लोगों की मूलभूत सुविधाओं से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार बड़े-बड़े उद्योगपतियों को संरक्षण देने में लगी हुई है। यदि सांकरा-जैतपुरी मार्ग का निर्माण शुरू कर दिया जाए तो सड़क के साथ पुल, रेनकट और सड़क कटाव की समस्या का भी समाधान हो जाएगा तथा आम लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
बारिश में सड़क खोदकर बिछा रहे पाइप, सड़क हो रही जर्जर
डॉ. लक्ष्मी ध्रुव ने आगे कहा कि नगरी से सोंढूर मार्ग की सड़क अपेक्षाकृत अच्छी है, लेकिन अब इस मार्ग को भी खराब करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा नियमों को ताक पर रखकर बारिश के मौसम में सड़क के किनारे सोल्डर की जेसीबी से खुदाई कर पानी की पाइपलाइन बिछाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि बारिश के कारण सड़क की पटरी पहले से ही नमी और गीली मिट्टी से भरी हुई है। ऐसे में सड़क की पटरी की खुदाई और सड़क पर वाहनों के दबाव के चलते अब इस मार्ग पर भी खतरा मंडराने लगा है। इतना ही नहीं, बारिश के बीच गीली मिट्टी को सड़क किनारे डंप किया जा रहा है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है और दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
भेंट-मुलाकात में घोषित सड़क को भाजपा सरकार ने रोका
पूर्व विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जैतपुरी से सांकरा तक सड़क चौड़ीकरण और नई सड़क निर्माण की घोषणा की थी। लेकिन इसके करीब छह माह बाद छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बन गई और इस घोषित सड़क पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को बने ढाई साल से अधिक समय हो गया है, लेकिन इस सड़क को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। यहां तक कि सड़क की मरम्मत का काम भी नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क ही नहीं, बल्कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों पर ताला लगा हुआ है और जमीनी स्तर पर विकास का कोई काम दिखाई नहीं दे रहा है।
डॉ. ध्रुव ने कहा कि जब भी विकास की बात आती है तो सरकार आवास और महतारी वंदन योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से आम लोगों को मूलभूत विकास कार्यों के मुद्दों से भटकाने का काम करती है। उन्होंने सरकार से सांकरा-जैतपुरी मार्ग सहित क्षेत्र की जर्जर सड़कों और पुल-पुलियों की तत्काल मरम्मत एवं निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।





