Home छत्तीसगढ़ विकसित भारत-जी राम जी और प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों की संभागायुक्त...

विकसित भारत-जी राम जी और प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों की संभागायुक्त ने की समीक्षा

0

लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत कार्य समय-सीमा में पूर्ण करें, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई -संभागायुक्त श्री नरेन्द्र दुग्गा

जल संरक्षण, रोजगार सृजन और अपूर्ण आवासों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश

कोरिया :  सरगुजा संभागायुक्त नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने शुक्रवार को संभागायुक्त कार्यालय, अम्बिकापुर के सभाकक्ष में विकसित भारत-जी राम जी तथा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण सहित ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की संभागस्तरीय समीक्षा की। बैठक में योजनाओं की प्रगति, निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध उपलब्धियां, लंबित प्रकरणों के निराकरण और आगामी कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में छत्तीसगढ़ शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर सचिव एवं विकसित भारत-जी राम जी के अपर आयुक्त एस. आलोक ने जिलावार आबंटित लक्ष्य और प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने विभिन्न कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर उपायुक्त आर.के. खूंटे, कोरिया जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी योगेन्द्र श्रीवास सहित संभाग के अन्य जिलों के जिला पंचायत सीईओ एवं जनपद पंचायतों के सीईओ उपस्थित रहे।

योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति, हर घर और हर गांव तक पहुंचे

संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा ने कहा कि सरगुजा संभाग अनुसूचित जनजाति क्षेत्र है और यहां शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन अधिकारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति, हर घर और हर गांव तक पहुंचे, इसके लिए अधिकारी पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।

उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के सीईओ को निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारी में कोताही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला पंचायत सीईओ को जनपद स्तर पर नियमित समीक्षा और मैदानी अमले की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

जल संरक्षण और रोजगार सृजन को प्राथमिकता
विकसित भारत-जी राम जी के तहत जुलाई और अगस्त माह में सृजित मानव दिवस तथा पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में मानव दिवस सृजन की स्थिति की समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने जिन क्षेत्रों में मानव दिवस सृजन कम है, वहां लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण एवं जल संचयन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने कहा। वर्षा जल के संरक्षण, भूजल स्तर बढ़ाने और पानी की बर्बादी रोकने के लिए आवश्यक कार्य समय-सीमा में कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यालयों में शौचालय तथा मुक्तिधामों में प्रतीक्षालय एवं शेड निर्माण जैसे आवश्यक कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा करने कहा गया।

बैठक में ग्राम पंचायतों में कार्यों की स्वीकृति, मनरेगा के अपूर्ण कार्यों को पूर्ण कराने, बोरवेल रिचार्ज कार्यों की स्वीकृति तथा योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक रोजगार सृजन पर भी चर्चा हुई।

अपूर्ण आवासों को जल्द पूरा करने के निर्देश
श्री एस. आलोक ने विकसित भारत-जी राम जी के अंतर्गत अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने युक्तधारा में प्लान किए गए कार्यों की स्थिति की भी जानकारी ली।

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, विशेष परियोजना तथा पीएम जनमन योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध स्वीकृत एवं पूर्ण आवासों की प्रगति की समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने शेष आवासों की स्वीकृति सात दिवस के भीतर करने तथा अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

स्वीकृत आवासों के विरुद्ध प्रथम किस्त के लंबित प्रकरणों और भुगतान की स्थिति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने कहा गया। आवास सॉफ्ट में अपात्र किए गए हितग्राहियों, जॉब कार्ड तथा विभिन्न योजनाओं के अभिसरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

तकनीकी निगरानी और लंबित प्रकरणों के निराकरण पर विशेष निर्देश
संभागायुक्त ने जी राम जी अंतर्गत सिक्योर पोर्टल के माध्यम से कार्यों की स्वीकृति, प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्वीकृत कार्यों की स्थिति, एसएनए-स्पर्श के माध्यम से भुगतान तथा इस वर्ष स्वीकृत एवं रोपित पौधों की जानकारी ली। एनएमएमएस के माध्यम से श्रमिकों की उपस्थिति, लंबित ई-केवाईसी और शून्य प्रविष्टि वाले मस्टर रोल की भी समीक्षा की गई।

उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता केवल स्वीकृति तक सीमित नहीं है, बल्कि कार्यों का समय पर पूरा होना और पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने मैदानी स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग और अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

पात्र हितग्राहियों को समय पर प्रशिक्षण और लाभ दिलाएं
बैठक में आर-सेटी एवं आरएमटी के अंतर्गत प्रशिक्षण की स्थिति, प्रगति और लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने पात्र हितग्राहियों को समय पर प्रशिक्षण और योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों से कहा कि विकसित भारत-जी राम जी और आवास योजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए टीम भावना के साथ कार्य करें। उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों की सराहना करते हुए अन्य जिलों को भी निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here