खरोरा :- धमतरी में 20 से 23 अगस्त 2026 तक आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय कुश्ती एवं टेबल टेनिस क्रीड़ा प्रतियोगिता में पीएम श्री भरत देवांगन शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी-अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय, खरोरा के चार खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए मानसी नेताम (कक्षा 9वीं), तरुण साहू (कक्षा 10वीं) एवं सलमान अली (कक्षा 11वीं) का चयन हुआ था। इनमें सलमान अली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया तथा हरियाणा में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर प्रदेश एवं विद्यालय को गौरवान्वित किया।
वहीं, राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में होसिल चौहान ने भी सराहनीय खेल का प्रदर्शन किया। हालांकि इस बार वे राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित नहीं हो सके, फिर भी उनके जुझारू प्रदर्शन की सभी ने प्रशंसा की।
विद्यालय की प्राचार्य रजनी मिंज ने कहा कि “हमारे विद्यार्थियों की यह उपलब्धि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। हमें विश्वास है कि सलमान राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगा।”
शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ठाकुर ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि “पीएम श्री विद्यालय खेल प्रतिभाओं को निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है और यह सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।”
व्यायाम शिक्षक योगेन्द्र त्रिपाठी ने इसे खिलाड़ियों की कठिन मेहनत का प्रतिफल बताते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। व्याख्याता शाहिना परवीन ने विद्यार्थियों से खेल और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सभी खिलाड़ियों को हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए सलमान अली के राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्णिम प्रदर्शन की मंगलकामना की।




