Home छत्तीसगढ़ रायपुर ग्रामीण में पुलिस पर सख्ती, अवैध वसूली की शिकायत के बाद...

रायपुर ग्रामीण में पुलिस पर सख्ती, अवैध वसूली की शिकायत के बाद SI निलंबित

0

रायपुर : रायपुर ग्रामीण पुलिस में अवैध वसूली की शिकायत को लेकर बड़ी कार्रवाई की गई है। राखी थाना में पदस्थ प्रोविजनल उप निरीक्षक महेश कुमार ओगरे को जबरन दबाव बनाकर पैसे ऐंठने की शिकायत के बाद निलंबित कर दिया गया है।

शिकायत की प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया आरोपों को गंभीर मानते हुए रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने निलंबन का आदेश जारी किया है। निलंबन अवधि के दौरान महेश कुमार ओगरे का मुख्यालय पुलिस लाइन, रायपुर ग्रामीण निर्धारित किया गया है।

अपराध की विवेचना के दौरान मिली थी शिकायत

आदेश के मुताबिक प्रोविजनल उप निरीक्षक महेश कुमार ओगरे थाना राखी के अपराध क्रमांक 10/2026 की विवेचना कर रहे थे। इसी दौरान उनके खिलाफ जबरन दबाव बनाकर अवैध वसूली करने और पैसे ऐंठने संबंधी शिकायत प्राप्त हुई।

शिकायत मिलने के बाद मामले की प्रारंभिक जांच कराई गई। जांच में प्रथम दृष्टया यह सामने आया कि संबंधित अधिकारी ने पुलिस विभाग की निष्पक्ष कार्यप्रणाली के अनुरूप आचरण नहीं किया और अपने पद का कथित तौर पर अनुचित उपयोग किया।

गंभीर कदाचरण मानकर हुई कार्रवाई

प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित आचरण को गंभीर कदाचरण की श्रेणी में माना गया। इसके बाद रायपुर ग्रामीण SP ने विभागीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए प्रोविजनल SI महेश कुमार ओगरे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

निलंबन अवधि में उन्हें पुलिस लाइन, रायपुर ग्रामीण में मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। मामले में आगे की विभागीय प्रक्रिया नियमानुसार जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here