राधेश्याम सोनवानी, मैनपुर :- 21 अगस्त 2026 आकांक्षी विकासखंड मैनपुर अंतर्गत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान योजनांतर्गत निर्मल महिला संकुल संगठन मैनपुर द्वारा स्व सहायता समूह की दीदियों द्वारा सात दिवसीय “आकांक्षा हाट राखी उत्सव बाजार” का शुभारंभ आज 21 अगस्त से किया गया। मैनपुर स्थित एसडीएम कार्यालय के समीप मुख्य मार्ग पर लगाए गए इस हाट को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही लगातार बनी हुई है।आकांक्षा हाट में स्वसहायता समूह की दीदियों द्वारा तैयार एवं स्थानीय स्तर पर निर्मित विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। राखी एवं आकर्षक गिफ्ट आइटम, साड़ियां, हैंडलूम उत्पाद, मिठाइयां तथा बांस से निर्मित उपयोगी एवं सजावटी सामग्री ग्राहकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता और पारंपरिक हस्तकला को देखकर लोग इनकी खरीदारी में रुचि दिखा रहे हैं।
यह पहल नीति आयोग के आकांक्षी क्षेत्र/आकांक्षी विकासखंड के उद्देश्यों के अनुरूप स्थानीय उत्पादों, महिला स्वसहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आकांक्षा हाट के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों के लिए सीधे बाजार उपलब्ध हो रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने और उनकी आय के अवसर बढ़ाने में मदद मिल रही है।जिला प्रशासन के सहयोग से लगाए गए इस स्टॉल का उद्देश्य स्वसहायता समूह की अभियान से जुड़ी दीदियों को आर्थिक प्रोत्साहन देना, स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना तथा “लोकल के लिए वोकल” की भावना को मजबूत करना है। इससे ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने के साथ-साथ स्थानीय कला, शिल्प एवं पारंपरिक उत्पादों को भी नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
सात दिवसीय इस आकांक्षा हाट राखी उत्सव बाजार में आने वाले लोगों के लिए एक ही स्थान पर राखी पर्व से जुड़े उपहारों के साथ स्थानीय एवं हस्तनिर्मित उत्पाद उपलब्ध हैं। स्वसहायता समूह की दीदियों को उम्मीद है कि अधिक से अधिक लोग हाट में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करेंगे और ग्रामीण महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करेंगे।
इस कार्यक्रम में सफल बनाने के लिए आकांक्षी फैलो जिला & जनपद पंचायत टीम, संकुल संगठन पदाधिकारी केडर समूह के दीदी का विशेष योगदान रहा।




