रायपुर : हादसे में घायल छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव का दिल्ली के मेदांता अस्पताल में इलाज जारी है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की। उन्होंने किरण सिंह देव का कुशलक्षेम जाना और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य एवं इलाज की जानकारी ली।
किरण सिंह देव ने जताया आभार
नितिन नबीन से मुलाकात के बाद किरण सिंह देव ने सोशल मीडिया के जरिए उनका आभार जताया। उन्होंने लिखा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दिल्ली में आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और शुभेच्छाएं प्रेषित कीं। किरण देव ने उनके स्नेह, आत्मीयता और शुभकामनाओं के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
बागेश्वर धाम से लौटते वक्त हुआ था हादसा
बता दें कि 29 जुलाई को किरण सिंह देव उत्तर प्रदेश में सड़क हादसे का शिकार हुए थे। वह परिवार के साथ बागेश्वर धाम से दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान झांसी-ललितपुर हाईवे पर सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में उनके चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। इससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन ट्रक से जा टकराया।
हादसे के समय किरण सिंह देव के साथ उनकी सुरक्षा में तैनात PSO भी वाहन में मौजूद थे। परिवार के अन्य सदस्य दूसरी कार में सफर कर रहे थे।
पहले झांसी, फिर दिल्ली रेफर
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से किरण सिंह देव को तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। इसके बाद 30 जुलाई को उन्हें दिल्ली के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मुलाकात के सियासी मायने भी तलाशे जा रहे
नितिन नबीन और किरण सिंह देव की इस मुलाकात को लेकर भाजपा के राजनीतिक गलियारों में चर्चा भी शुरू हो गई है। कुछ लोग इसे प्रदेश भाजपा संगठन में संभावित बदलाव की अटकलों से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने को लेकर इस मुलाकात के आधार पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल, नितिन नबीन की अस्पताल में किरण देव से मुलाकात को भाजपा नेताओं के बीच शिष्टाचार और स्वास्थ्य संबंधी मुलाकात के तौर पर ही देखा जा रहा है।




