Home छत्तीसगढ़ अलास्का कंप्यूटर सेंटर में साइबर जागृति अभियान के तहत जागरूकता शिविर का...

अलास्का कंप्यूटर सेंटर में साइबर जागृति अभियान के तहत जागरूकता शिविर का आयोजन

0

मनेंद्रगढ़  :  छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ के तीसरे सप्ताह के अंतर्गत आज अलास्का कंप्यूटर सेंटर, मनेंद्रगढ़ में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक ‘साइबर अपराध मुक्त छत्तीसगढ़’ के संकल्प के साथ चलाया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह IPS के कुशल निर्देशन में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर पुलिस द्वारा जिले भर के विभिन्न कस्बों, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों एवं आमजनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज का यह शिविर अलास्का कंप्यूटर सेंटर में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर पुलिस के साइबर सेल के अधिकारियों ने संस्थान में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को बढ़ती साइबर घटनाओं से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर साइबर सेल से पुष्कल सिन्हा, राकेश तिवारी, दीप तिवारी, भूपेंद्र यादव, जितेन्द्र ठाकुर एवं सुश्री अनीता सिंह उपस्थित रहे।

शिविर का शुभारंभ संस्था के संचालक मो. फिरोज मंसूरी ने सभी अतिथियों का स्वागत करके किया। इसके पश्चात राकेश तिवारी एवं दीप तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए साइबर जगत में बरती जाने वाली सावधानियों पर प्रकाश डाला।

उन्होंने छात्रों को विशेष रूप से सावधान करते हुए कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, गेमिंग ऐप्स में अनावश्यक रूप से पैसा न डालें, तथा अपने व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया अकाउंट्स को दो-स्तरीय सत्यापन (2-Step Verification) के माध्यम से सुरक्षित रखें। उन्होंने वास्तविक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से ‘डिजिटल अरेस्ट’ और ‘फर्जी कॉल’ जैसी साइबर ठगी की बढ़ती प्रवृत्तियों से बचने के उपाय भी बताए।

इस अभियान के तहत 30 अगस्त से 5 सितंबर 2026 तक विभिन्न संवादात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों और आमजनों को पुलिस, CBI या ED अधिकारी बनकर की जाने वाली धमकी भरी फर्जी कॉल, वीडियो कॉल और बैंकिंग फ्रॉड से सतर्क रहने की सलाह दी जाएगी।

इसके अतिरिक्त, पुलिस द्वारा ‘जागरूकता की एक सेल्फी’ पहल के तहत आमजनों से QR कोड स्कैन कर अभियान से जुड़ने की अपील भी की गई, ताकि अधिक से अधिक लोग इस मुहिम का हिस्सा बन सकें।

इस कार्यक्रम ने छात्रों में साइबर सुरक्षा को लेकर गहरी समझ विकसित की और उन्हें डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने का संदेश दिया। संस्थान प्रशासन ने पुलिस विभाग द्वारा इस पहल की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करने की बात कही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here