Home छत्तीसगढ़ कटघोरा में डीजल चोरों से भिड़ गया ट्रक ड्राइवर, स्कॉर्पियो को मारी...

कटघोरा में डीजल चोरों से भिड़ गया ट्रक ड्राइवर, स्कॉर्पियो को मारी टक्कर; CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

0

कटघोरा :  छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कटघोरा बाईपास पर डीजल चोर गिरोह की सक्रियता से ट्रक चालक और मालिकों में दहशत का माहौल है। गुरुवार तड़के स्कॉर्पियो सवार करीब 6 से 7 आरोपियों ने सड़क किनारे खड़े ट्रेलरों से डीजल चोरी करने की कोशिश की। इसी दौरान एक ट्रेलर चालक की नजर चोरों पर पड़ गई।

चालक ने बिना घबराए ट्रेलर स्टार्ट किया और भागने की कोशिश कर रहे आरोपियों की स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

 ट्रेलरों से डीजल निकाल रहे थे आरोपी

बताया जा रहा है कि गुरुवार तड़के स्कॉर्पियो में सवार होकर 6-7 आरोपी कटघोरा बाईपास पहुंचे थे। सड़क किनारे खड़े ट्रेलरों को निशाना बनाकर आरोपी उनके टैंक से डीजल निकालने लगे।

इसी दौरान एक ट्रेलर चालक की नजर संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ गई। चालक को आरोपियों ने कथित तौर पर धमकाने की कोशिश की।

 ड्राइवर ने स्कॉर्पियो को मारी जोरदार टक्कर

आरोपियों की धमकी से चालक घबराया नहीं। उसने तत्काल अपना ट्रेलर स्टार्ट किया और भाग रही स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही आरोपी मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

 स्कॉर्पियो जब्त, डीजल कंटेनर भी मिले

घटना की सूचना ट्रेलर चालक ने तत्काल डायल 112 को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों द्वारा छोड़ी गई स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया।

पुलिस को वाहन से डीजल रखने के कंटेनर सहित अन्य सामान भी बरामद हुआ है। अब पुलिस पेट्रोल पंप के CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

 CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश

कटघोरा थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि संदिग्ध वाहन को जब्त कर लिया गया है। CCTV फुटेज के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि पाली थाना क्षेत्र में भी डीजल चोरी की इसी तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से ट्रक मालिकों और चालकों की चिंता बढ़ गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here