रामनारायण गौतम सक्ती : कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से छत्तीसगढ़ की जनता के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की कामना की।
डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर पूरे देश में मंदिरों से लेकर घरों तक भक्तिमय वातावरण है। हर ओर “जय कन्हैया लाल” और “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयकारे गूंज रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म अधर्म और अत्याचार के नाश के लिए हुआ था। श्रीकृष्ण ने समाज को धर्म, प्रेम और कर्मयोग का संदेश दिया। जन्माष्टमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आनंद, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है।
सांसद ज्योत्सना महंत ने की सुख-शांति की कामना
कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण सभी के जीवन को प्रेम, सुख, शांति और समृद्धि से भर दें।
उन्होंने कहा कि मुरली मनोहर की बांसुरी की मधुर तान हर किसी के जीवन में सुख और शांति लेकर आए। उन्होंने प्रदेशवासियों से भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति करते हुए उनके दिखाए धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
श्रीमती महंत ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद सभी प्रदेशवासियों पर सदैव बना रहे और हर परिवार के जीवन में सुख-समृद्धि और यश बढ़े, यही उनकी कामना है।




