Home छत्तीसगढ़ हाईवे पर अचानक आ धमका दंतैल हाथी, मची अफरा-तफरी; वाहनों की लगी...

हाईवे पर अचानक आ धमका दंतैल हाथी, मची अफरा-तफरी; वाहनों की लगी लंबी कतार

0

कटघोरा :  कटघोरा वन मंडल के केंदई वन परिक्षेत्र में गुरुवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक दंतैल हाथी अचानक NH-130 पर आ पहुंचा। मोरगा और चोटिया के बीच कपांनवापारा जंगल के पास शाम करीब 5 बजे हाथी के मुख्य मार्ग पर आने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

हाईवे पर हाथी की मौजूदगी के चलते करीब एक घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। इस दौरान मौके पर मौजूद वाहन चालक और राहगीर दहशत में नजर आए।

 सड़क पर खड़ा हुआ हाथी, वाहनों की ओर दौड़ा

हाईवे पर पहुंचने के बाद दंतैल सड़क के बीचों-बीच खड़ा हो गया। इसी दौरान उसने आसपास से गुजर रहे वाहनों की ओर दौड़ लगाने की कोशिश की।

हाथी को अपनी तरफ आता देख वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों ने तत्काल अपने वाहन पीछे किए और सुरक्षित स्थान की ओर जाने की कोशिश की।

कुछ ही देर में हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह रुक गया।

 मरवाही से कटघोरा पहुंचा दंतैल

जानकारी के अनुसार, यह दंतैल हाथी मरवाही वन परिक्षेत्र से निकलकर कटघोरा वन मंडल में दाखिल हुआ है।

बताया जा रहा है कि कटघोरा वन मंडल में पहुंचने के बाद हाथी ने ग्रामीण इलाकों में कई घरों को नुकसान पहुंचाया है। इसके चलते आसपास के गांवों में पहले से ही दहशत का माहौल बना हुआ है।

अब हाथी के NH-130 पर पहुंचने से वन विभाग के साथ-साथ हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों की चिंता भी बढ़ गई।

 वन अमला और हाथी मित्र दल ने संभाला मोर्चा

हाथी के हाईवे पर आने की सूचना मिलते ही केंदई वन परिक्षेत्र का वन अमला और हाथी मित्र दल तत्काल मौके पर पहुंच गया।

रेंजर, डिप्टी रेंजर और मैदानी अमले ने हाथी मित्र दल के साथ मिलकर स्थिति को संभाला। टीम ने करीब एक घंटे तक मशक्कत की।

हाथी को हाईवे से हटाने के लिए सायरन और हूटर का इस्तेमाल किया गया। लगातार प्रयास के बाद दंतैल को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ दिया गया।

हाथी के जंगल में लौटने के बाद ही NH-130 पर यातायात दोबारा बहाल हो सका।

 वन विभाग की वाहन चालकों से अपील

घटना के बाद वन विभाग ने हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों और आसपास के ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।

विशेष रूप से जंगल वाले रास्तों पर रात के समय वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और हाथी दिखाई देने पर उसके करीब जाने या उसे छेड़ने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here