Home छत्तीसगढ़ मटकी फूटी तो गूंजा जय कन्हैया लाल की, डीएवी कॉलोनी में महिलाओं...

मटकी फूटी तो गूंजा जय कन्हैया लाल की, डीएवी कॉलोनी में महिलाओं ने दिखाया उत्साह

0

कृष्ण जन्माष्टमी पर महिला मटका फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन, मिष्टी मुखर्जी ने मारी बाजी

चिरमिरी : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर डीएवी कॉलोनी बरतुंगा में भक्ति, उल्लास और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। कॉलोनी में आयोजित महिला मटका फोड़ प्रतियोगिता में महिलाओं ने पूरे जोश के साथ भाग लेकर आयोजन को यादगार बना दिया। मटका फोड़ने को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह रहा और प्रतियोगिता देखने के लिए कॉलोनीवासी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

प्रतियोगिता में महिलाओं ने अपनी प्रतिभा और उत्साह का शानदार प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले के बाद श्रीमती मिष्टी मुखर्जी ने प्रथम स्थान हासिल कर बाजी मारी। वहीं श्रीमती सीमा कुमारी द्वितीय तथा श्रीमती स्मिता पंडा तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

परंपरा और संस्कृति को जीवंत रखने का संदेश

कार्यक्रम के सफल आयोजन में कॉलोनी के सभी निवासियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित इस पारंपरिक प्रतियोगिता ने कॉलोनी के माहौल को उत्सवमय बना दिया। महिलाओं की सहभागिता ने आयोजन में विशेष आकर्षण जोड़ा।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर कॉलोनी निवासी डॉ. डी.के. उपाध्याय ने सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के लिए ऐसे आयोजनों का निरंतर आयोजन जरूरी है। इससे नई पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के महत्व से परिचित कराने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। महिला मटका फोड़ प्रतियोगिता ने कॉलोनीवासियों को एकजुट करने के साथ ही धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामुदायिक सहभागिता की खूबसूरत मिसाल पेश की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here