Home छत्तीसगढ़ व्हीटीसी कॉलोनी में लाखों की चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार

व्हीटीसी कॉलोनी में लाखों की चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार

0

पड़ोसी समेत अपचारी बालक ने दिया वारदात को अंजाम, चोरी के जेवर गलाकर बेचने वाले तक पहुंची पुलिस; 4.92 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद

चरचा/कोरिया। व्हीटीसी कॉलोनी चरचा में बंद मकान का ताला-सांकल तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी करने के मामले का चरचा पुलिस एवं साइबर सेल की टीम ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ एक अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी के जेवर, जेवर बेचकर प्राप्त रकम से खरीदा गया मोबाइल, नकदी और मोटरसाइकिल सहित करीब 4 लाख 92 हजार 300 रुपये मूल्य की सोने-चांदी की सामग्री बरामद की है।

परिवार के बाहर जाते ही सूना हो गया मकान

पुलिस के अनुसार व्हीटीसी कॉलोनी चरचा निवासी तन्मय भण्डारी 22 अगस्त को परिवार के साथ अपने गृह ग्राम दुर्गापुर, आसनसोल (पश्चिम बंगाल) गए थे। इसी दौरान 23 अगस्त को उन्हें फोन पर घर में चोरी होने की जानकारी मिली। वापस लौटने पर मकान के दरवाजे की सांकल निकली हुई और अंदर आलमारी टूटी मिली। आलमारी के लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो चुके थे।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना चरचा में अपराध क्रमांक 126/2026, धारा 305(ए), 331(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मुखबिर की सूचना से पड़ोसी तक पहुंची पुलिस

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना चरचा एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर प्रार्थी के पड़ोसी हर्षवर्धन शर्मा एवं एक अपचारी बालक से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने 22 अगस्त की रात तन्मय भण्डारी के घर चोरी करना स्वीकार किया।

अपचारी बालक की निशानदेही पर चोरी के सामान को बेचने से प्राप्त 5 हजार रुपये नकद और मोटरसाइकिल बरामद की गई। वहीं हर्षवर्धन शर्मा के कब्जे से चोरी की रकम से खरीदा गया सिम सहित मोबाइल फोन जब्त किया गया।

चोरी के जेवर कई हाथों से होते हुए सराफा कारोबारी तक पहुंचे

पुलिस की जांच में सामने आया कि चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर बेचने के लिए आरोपियों ने उन्हें अक्षय बसोर निवासी सलका को दिया था। इसके बाद अक्षय बसोर ने जेवर पटना निवासी सतेन्द्र सोनी को बेच दिए।

पुलिस के अनुसार सतेन्द्र सोनी ने जेवरात के बदले आरोपियों को 1 लाख 33 हजार रुपये दिए थे। इसमें से 56,700 रुपये अपचारी बालक को दिए गए, जबकि शेष राशि हर्षवर्धन के पास रही। खर्च के बाद बची 4,380 रुपये की रकम भी पुलिस ने जब्त की।

जेवर गलाकर बनाए गए सोने-चांदी के टुकड़े भी बरामद

पुलिस ने सतेन्द्र सोनी के कब्जे से दो सोने की अंगूठियां, दो जोड़ी कान की बालियां और एक लॉकेट समेत गला हुआ सोना बरामद किया। पुलिस के मुताबिक बरामद सोने का कुल वजन करीब 29.91 ग्राम तथा चांदी का कुल वजन करीब 177 ग्राम है। बरामद सोने-चांदी की कुल कीमत करीब 4 लाख 92 हजार 300 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने मामले में हर्षवर्धन शर्मा (18 वर्ष 9 माह), अक्षय बसोर (27 वर्ष), सतेन्द्र सोनी (42 वर्ष) को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अपचारी बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। सभी को 4 सितंबर 2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

थाना चरचा और साइबर सेल की टीम ने की संयुक्त कार्रवाई

मामले के खुलासे और चोरी का माल बरामद करने में थाना प्रभारी निरीक्षक कृपाल सिंह गौतम, उप निरीक्षक अनिल सोनवानी, प्रधान आरक्षक शशि भूषण, राकेश भगत, आरक्षक अमित त्रिपाठी, बृजेश सिंह, प्रभुनारायण तथा साइबर सेल के आरक्षक सजल जायसवाल, अमरेशानंद, अमल कुजूर, सैनिक राजेश टांडे एवं विकास सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की तत्परता और समन्वित कार्रवाई से चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा होने पर पुलिस ने इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता बताया है।

संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील

पुलिस अधीक्षक हरिश राठौर ने आमजन से अपील की है कि चोरी अथवा अन्य अपराधों की रोकथाम में पुलिस को आम नागरिकों का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि अथवा चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने चोरी और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here