Home छत्तीसगढ़ दिल्ली के सत्य निकेतन हादसे में छत्तीसगढ़ के युवराज की मौत, दोस्त...

दिल्ली के सत्य निकेतन हादसे में छत्तीसगढ़ के युवराज की मौत, दोस्त से फोन पर कर रहा था घूमने की बात

0

नई दिल्ली/रायपुर: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को हुए दर्दनाक इमारत हादसे ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। हादसे में दुर्ग निवासी 20 वर्षीय युवराज सोनी की मौत हो गई। युवराज दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रहा था और दिल्ली विश्वविद्यालय के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में बीकॉम द्वितीय वर्ष का छात्र था।

युवराज सत्य निकेतन स्थित एक बॉयज पीजी में रह रहा था। हादसे से पहले तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ ही पलों में हुए हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली।

हादसे से ठीक पहले दोस्त से कर रहा था बात

बताया जा रहा है कि हादसे से कुछ ही देर पहले युवराज अपने बचपन के दोस्त आर्यन से फोन पर बात कर रहा था। छुट्टियों के बाद दोनों के पास मिलने का मौका आया था और बातचीत के दौरान साथ घूमने जाने का प्लान बनाया जा रहा था।

इसी दौरान फोन पर अचानक तेज और भयावह गड़गड़ाहट जैसी आवाज सुनाई दी। इसके करीब एक मिनट बाद युवराज का फोन कट गया।

आर्यन को उम्मीद थी कि युवराज जल्द ही दोबारा फोन करेगा। लेकिन कुछ देर बाद जब उसे सत्य निकेतन में इमारत गिरने की खबर मिली तो उसकी चिंता बढ़ गई।

दोस्त की तलाश में घटनास्थल पहुंचा आर्यन

हादसे की जानकारी मिलते ही आर्यन तुरंत सत्य निकेतन पहुंचा। मौके पर राहत और बचाव अभियान जारी था। उसने युवराज के बारे में जानकारी जुटाने के लिए कई जगह संपर्क किया और काफी देर तक उसकी तलाश करता रहा।

इसके बाद उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर से युवराज की मौत की सूचना मिली। यह खबर मिलते ही परिवार और दोस्तों में शोक की लहर दौड़ गई।

तीन दिन पहले ही दुर्ग से दिल्ली लौटा था युवराज

परिजनों और परिचितों के मुताबिक युवराज छुट्टियां बिताने के बाद महज तीन दिन पहले ही दुर्ग से दिल्ली वापस लौटा था। वह पढ़ाई को लेकर गंभीर था और दिल्ली में रहकर अपना भविष्य संवार रहा था।

युवराज और आर्यन बचपन से दोस्त थे। दोनों एक ही गांव से ताल्लुक रखते थे। दिल्ली लौटने के बाद दोनों जल्द ही साथ घूमने जाने की योजना बना रहे थे, लेकिन यह योजना कभी पूरी नहीं हो सकी।

एक सामान्य फोन कॉल कुछ ही पलों में युवराज और उसके परिवार के लिए जिंदगी की आखिरी याद बन गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here