Home छत्तीसगढ़ जनकपुर पुलिस की बड़ी सफलता: दो नाबालिग बच्चों को मानव तस्करी से...

जनकपुर पुलिस की बड़ी सफलता: दो नाबालिग बच्चों को मानव तस्करी से बचाया, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

0

जनकपुर :वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में जनकपुर पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए अपहृत दो नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद कर मानव तस्करी जैसी गंभीर वारदात को विफल कर दिया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

घटना का संक्षिप्त विवरण

दिनांक 04.09.2026 को थाना जनकपुर में एक प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका नाबालिग पुत्र तथा पड़ोस में रहने वाले स्वर्गीय सुभाष यादव का नाबालिग पुत्र, दिनांक 03.09.2026 को प्रार्थी के जीजा दलबीर बैगा (निवासी ग्राम कुन्दौर, चौकी पौड़ी, थाना कुसमी, जिला सीधी, म.प्र.) द्वारा बहला-फुसलाकर घर से भगाकर मेरठ (उत्तर प्रदेश) ले जाया गया है।

रिपोर्ट पर थाना जनकपुर में अपराध क्रमांक 203/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

तत्काल गठित हुई विशेष पुलिस टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी जनकपुर उपनिरीक्षक विजय सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया। उनके निर्देशन एवं मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम गठित कर नाबालिग बच्चों की खोज शुरू की गई।

लगातार तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल लोकेशन एवं सतत दबिश के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी दलबीर बैगा अपने साथी मनराज बैगा के साथ बच्चों को मेरठ से आगे मुजफ्फरनगर ले गया है।

पुलिस के दबाव में लौटाए गए बच्चे

पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों से लगातार संपर्क बनाए रखते हुए उन पर प्रभावी दबाव बनाया, जिसके परिणामस्वरूप आरोपी बच्चों को वापस लाने के लिए मजबूर हो गए।

दिनांक 05.09.2026 की रात्रि में ग्राम चरखर, थाना जनकपुर के समीप पुलिस ने आरोपी मनराज बैगा के कब्जे से दोनों नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया।

बच्चों ने किया चौंकाने वाला खुलासा

पूछताछ के दौरान दोनों नाबालिग बच्चों ने बताया कि आरोपी उन्हें मुजफ्फरनगर मंडी में मजदूरी कराने के लिए पैसों में बेचने की योजना बना रहे थे। इस खुलासे के बाद मामले में मानव तस्करी एवं सामूहिक अपराध से संबंधित धाराएँ भी जोड़ी गईं।

दोनों बच्चों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के उपरांत उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी

प्रकरण में आरोपी मनराज बैगा, पिता धिराई बैगा, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम कुन्दौर, चौकी पौड़ी, थाना कुसमी, जिला सीधी (म.प्र.) को दिनांक 06.09.2026 को गिरफ्तार कर उसके परिजनों को सूचना दी गई तथा न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

प्रकरण के मुख्य आरोपी दलबीर बैगा की गिरफ्तारी हेतु पुलिस की विशेष टीम लगातार प्रयासरत है।

सराहनीय पुलिस टीम

इस सफल कार्रवाई में निम्न पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही—

* उपनिरीक्षक विजय सिंह – थाना प्रभारी, जनकपुर
* सहायक उपनिरीक्षक किशन चौहान
* प्रधान आरक्षक संतोष सिंह
* आरक्षक दीपक मिंज
* आरक्षक गोविन्द साहू
* आरक्षक सूर्य पाल सिंह

जनकपुर पुलिस ने अपनी त्वरित कार्रवाई, तकनीकी दक्षता एवं सतत प्रयासों से दो मासूम बच्चों का जीवन सुरक्षित कर समाज में मानव तस्करी के विरुद्ध एक सशक्त संदेश दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here